Follow Us:

विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन, हंगामे के पूरे आसार!

डेस्क |

हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरा दिन है। वहीं इस सत्र के प्रश्नकाल के दौरान हंगामे के आसार भी हो सकते हैं। प्रश्नकाल चला तो बीजेपी चार्जशीट पर विजिलेंस जांच का मसला उठ सकता है। नूरपुर से बीजेपी के विधायक राकेश पठानिया ही राज्य सरकार से चार्जशीट का स्टेटस जानना चाह रहे हैं।

इस चार्जशीट पर पूर्व सरकार के मुख्यमंत्री, मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इनमें से कई बिंदुओं पर विजिलेंस को जांच सौंपी गई है। दो दिन के अंतराल के बाद सोमवार को सदन की कार्यवाही दोपहर बाद दो बजे शुरू होगी। प्रश्नकाल दो से तीन बजे के बीच निर्धारित किया गया है।

सूत्रों की मानें तो युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के बाद विपक्ष ने सोमवार को प्रश्नकाल शुरू होने से पहले ही सदन में  प्रस्ताव देने की रणनीति बनाई है। विपक्ष ने विचार किया है कि सारा काम रोककर लाठीचार्ज के मुद्दे पर सरकार से चर्चा मांगी जाए।

हालांकि, सत्ता पक्ष विपक्ष के इस प्रस्ताव को नामंजूर कर सकता है। इसके बाद प्रश्नकाल बगैर विपक्ष के ही चल सकता है।बीजेपी चार्जशीट पर सवाल से पहले रिक्तियों, अवैध कब्जों, दूषित पेयजल, यातायात समस्या जैसे मुद्दों पर भी विधायक सवाल पूछने की तैयारी में हैं।

दो माह से चूड़धार में छह साल की बच्ची के लापता होने के मामले में भी रेणुका के कांग्रेस विधायक विनय कुमार की ओर से सवाल लगाया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने जवाब देना है।

विधायकों ने सोमवार को पर्यटन नीति पर चर्चा मांगी है। इस चर्चा में विधायक होशियार सिंह, राकेश पठानिया, नरेंद्र बरागटा, सुरेश कश्यप और बलवीर सिंह वर्मा भाग लेना चाहते हैं। इसमें नियम 130 के तहत सदन में चर्चा हो सकती है।