Follow Us:

मिशन रिपीट की सफलता के लिए ‘बूथ गढ़ो आगे बढ़ो’ की युक्ति पर केंद्रित होकर काम करें त्रिदेव: धूमल

जसबीर कुमार |

पूर्व मुख्मयंत्री प्रेम कुमार धूमल ने मंगलवार को बगारटी में पार्टी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को मिशन रिपीट 2022 की सफलता के लिए "बूथ गढ़ो आगे बढ़ो" जीत का नया मंत्र दिया। धूमल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केंद्र पर पार्टी द्वारा नियुक्त त्रिदेव 'बुथ गढ़ो आगे बढ़ो' की युक्ति पर केंद्रित होकर काम करें। 

धूमल ने कहा कि प्रदेश में मिशन रिपीट 2022 का संकल्प भले ही प्रदेश स्तर पर लिया गया है लेकिन इसकी सफलता पूरी तरह मतदान केंद्र ही सुनिश्चित कर सकते हैं। मतदान केंद्र पर जब कार्यकर्ता और पार्टी द्वारा नियुक्त त्रिदेव जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी द्वारा बताए गए सभी कार्यकलापों और गतिविधियों को अच्छी तरह चलाएंगे तो 2022 क्या आने वाला कोई भी मिशन हमें सफल होने से नहीं रोक सकता है। 

कार्यकर्ताओं को अपना बूथ सबसे मजबूत विषय के महत्व को समझाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह बड़ी-बड़ी सफलताओं के पीछे छोटे-छोटे प्रयास जुड़े होते हैं। उसी तरह मिशन रिपीट जैसे बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपने अपने बूथ पर ध्यान केंद्रित कर उसमें अपने प्रयत्नों की ऊर्जा लगाकर हमें अपने मतदान केंद्र को मजबूत करना है। मतदान केंद्र पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करनी है। यही बात अपना बूथ सबसे मजबूत का सार है। जिस प्रकार एक मूर्तिकार एक पत्थर को गढ़ कर अपने प्रयासों से उसको सजीव कर देता है, उसी तरह मतदान केंद्र पर बैठे पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता अपनी मेहनत और प्रयासों से पार्टी को अपने मतदान केंद्र पर मजबूत करें।