Follow Us:

स्टोक्स ने हिमाचल हॉकी चुनाव पर उठाए सवाल, हॉकी इंडिया से करेंगी शिकायत

पी. चंद, शिमला |

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और हॉकी इंडिया की आजीवन सदस्य तथा संरक्षक विद्या स्टोक्स ने बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर को आड़े हाथों लिया है। स्टोक्स ने हिमाचल हॉकी के अध्यक्ष पद पर अनुराग ठाकुर के चुनाव को ग़लत बताया है। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर स्वयंभू अध्यक्ष बने हैं।

बीते शुक्रवार को ऊना में हुए चुनाव को विद्या स्टोक्स ने गैर-कानूनी बताया है। उनका कहना है कि बिना नोटिस दिए चुनाव प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकती और इस मामले में कोई भी नोटिस नहीं दिया गया। स्टोक्स ने कहा कि बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर हॉकी इंडिया के कायदे-क़ानूनों को नहीं समझते हैं। वह मनमर्जी से चुनाव कराकर हिमाचल हॉकी संघ के अध्यक्ष नहीं बन सकते।

विद्या स्टोक्स हिमाचल हॉकी की अध्यक्ष पद पर काबिज थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव के लिए नोटिस भी नहीं भेजा गया। लिहाजा चुनाव अवैध है और वे इस संदर्भ में हॉकी इंडिया से बात करेंगी। विद्या स्टोक्स ने कहा कि अनुराग ठाकुर हमेशा प्रदेश में खेलों के सहारे अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास किया है।