Follow Us:

सुक्खू के खिलाफ नारेबाजी में नपे युकां महासचिव विनोद जिंटा, बाकियों पर गिरेगी गाज

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे के शिमला आगमन पर पीसीसी अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करने वालों पर गाज गिरनी शुरू हो चुकी है। इस क्रम में प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव विनोद जिंटा नप गए हैं। उन्हें उनके पद से हटा दिया गया है। जबकि, नारेबाजी करने वाले बाकी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के फेसबुक पेज से लाइव हुए वीडियो को आधार मानकर प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ नारेबाजी करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है और इसी आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

दरअसल, शिमला में कदम रखते ही शिंदे ने वीरभद्र समर्थकों की इस हरकत को अनुशासनहीनता माना है और यही नतीजा है कि अब एक-एक करके नारेबाजी करने वाले नपने वाले हैं।