Follow Us:

सुक्खू-अग्निहोत्री का जोरदार स्वागत, ‘बोरिया बिस्तर पैक कर ले जयराम सरकार’

पी. चंद |

पी. चंद। 2022 के चुनाव से पहले हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में बड़े बदलाव हुए हैं। इस फेरबदल के बाद कांग्रेस के कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष हिमाचल पहुंचे हैं। ऊना के मैहतपुर में दोनों नेताओं का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया है। इस दौरान ऊना के विधायक सतपाल रायजादा भी मौजूद रहे। जिला भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ढोल की थाप पर झूमते गाते नज़र आए। इस बीच नेताओं ने दावा किया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता की बागडोर संभालने वाली है.

मौके पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का समय पूरा हो चुका है, उन्हें अब अपना बोरिया बिस्तर पैक कर लेना चाहिए। भाजपा के लोग अब जाने वाले हैं और कांग्रेस के नेता अब आने वाले हैं।

क्या बोले सुखविंदर सिंह सुक्खू?

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहां की प्रदेश कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करने वाला है। हिमाचल प्रदेश में सचिवालय में सोई हुई भाजपा सरकार को जगा कर सत्ता से बेदखल किया जाएगा। सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को यदि कांग्रेस के नेता नजर नहीं आ रहे हैं तो वह आंख खोल कर देख ले, हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार से कांग्रेस के नेता भाजपा की सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया।