Follow Us:

यदोपति ठाकुर समेत युवा कांग्रेस के 4 पदाधिकारी बहाल, भीतरघात के आरोप में थे बाहर

नवनीत बत्ता, हमीरपुर |

भीतरघात के आरोप में संगठन से बाहर किए गए 4 युवा कांग्रेस पदाधिकारियों की बहाली कर दी गई है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और हिमाचल युवा कांग्रेस के प्रभारी अमित यादव और जदगदेव गागा ने बाहर किए गए चारों पदाधिकारियों को बहाल कर दिया। बहाल होने वालो में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव यदोपति ठाकुर, सुमित शर्मा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुटलैहर, रवि कुमार पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष घुमारवीं, सुभाष ठाकुर जिला परिष सदस्य व महासचिव हमीरपुर लोकसभा शामिल हैं।

समाचार फर्स्ट ने इस संदर्भ में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व हिमाचल प्रभारी अमित यादव से बात की। अमित यादव ने कहा कि वर्तमान फैसला हाईकमान की तरफ से है। चूंकि, इसमें तीन सदस्यीय कमेटी का गठन था। कमेटी ने जांच के बाद ही इनकी बहाली की सिफारिश की है। हाईकमान के निर्देश पर ही इन्हें इनका पद दिया गया है।

हालांकि, समाचार फर्स्ट ने जब पूछा कि अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रदेश कांग्रेस के जरिए की गई थी। क्या इससे यूथ कांग्रेस का प्रदेश कांग्रेस से टकराव नहीं होगा…इस पर अमित यादव ने कहा कि संगठन सभी के तालमेल और विश्वास से चल रहा है। हमे संगठन से जो निर्देश मिला है, वही हमने किया है।

यदोपति ठाकुर ने सरकाघाट से कांग्रेस पार्टी की तरफ से टिकट की दावेदारी पेश की थी। लेकिन, इन्हें टिकट नहीं मिला था। बाद में इन पर चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल होने के आरोप लगे और प्रदेश कांग्रेस ने इन्हें निष्कासित कर दिया गया। इस दौरान अन्य तीन नेताओं को भी पार्टी-विरोधी गतिविधि की वजह से बाहर का रास्ता दिखाया गया था।

निष्कासन के बाद इन लोगों ने अपना पक्ष हाईकमान के पास रखा। जिसके बाद युवा कांग्रेस राष्ट्रीय प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के सचिव कृष्णा अल्लावरू के निर्देश पर तीन सदस्यों की एक जांच कमेटी का गठन हुआ। कमेटी ने जांच की और उसी की अनुशंसा पर इन्हें दोबारा इनके पदों पर बहाल किया गया।