Follow Us:

जोगिंदरनगर: नए रथ में विराजमान हुई शक्तिपीठ माता जालपा भगवती

पी.चंद |

जोगिदरनगर के इलाका दूंधा की प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता जालपा भगवती सरौणधार गुरूवार को नई शैली के बने रथ में विराजमान हो गई। इस दौरान मंदिर के प्रांगण में विशाल महायज्ञ का आयोजन रखा गया था। दर्जनों ब्राहम्णों ने हवन यज्ञ में जाप किया। क्षेत्र के सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ कुंड में पुर्णाहुति डाल कर स्वयं को धन्य किया। नए रथ पर विराजमान होने के बाद जालपा भगवती का रथ मंदिर के प्रांगण में पहुंचा। यहां भारी संख्या में श्रद्धालु माता का आर्शिवाद लेने के लिए जुटे हुए थे। जालपा भगवती ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को आर्शिवाद दिया।

भाजपा द्रंग विधायक जवाहर ठाकुर और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने भी इस दौरान शिरकत कर भगवती से आर्शिवाद प्राप्त किया। पंडाल में जालपा भगवती के नए सुंदर रथ के साथ श्रद्धालुओं ने देव नाटी डाली। समारोह में क्षेत्र के सभी शक्तिपीठों के कारदारों को बुलाया गया था। मंदिर कमेटी के सौजन्य से सभी का स्वागत किया गया। इस दौरान विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं प्रसाद ग्रहण कर जालपा भगवती से आर्शिवाद लिया।

मुख्य कारदार जीवानंद पुजारी ने बताया कि जालपा भगवती के आदेशानुसार नए रथ का काम संपन होते ही देव विधान से गुरूवार को भगवती ने अपने नए रथ में वास कर लिया है। इस दौरान भगवती ने कोरोना महामारी से क्षेत्र के लोगों की रक्षा करने का वचन दिया। समारोह में देव वाद्ययंत्रों पर श्रद्धालुओं ने नाटी डाली। इस दौरान सरौणधार मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा।