Follow Us:

खराब मौसम ने टाला गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल दौरा, SSB स्थापना दिवस में शामिल नहीं हो पाएंगे अमित शाह

➤ खराब मौसम के चलते गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल दौरा रद्द
➤ कांगड़ा के सपड़ी में SSB ट्रेनिंग सेंटर स्थापना दिवस में होना था शामिल
➤ दौरे से पहले ही एयर स्पोर्ट्स और यातायात पर लगाए गए थे प्रतिबंध


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल प्रदेश दौरा अचानक रद्द हो गया है। उन्हें आज 20 दिसंबर को कांगड़ा जिले के सपड़ी स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) ट्रेनिंग सेंटर के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और संगठन स्तर पर पूरी तैयारियां की जा चुकी थीं।

बताया जा रहा है कि खराब मौसम के कारण गृह मंत्री का यह दौरा टाल दिया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने भी मौसम को दौरा रद्द होने का कारण बताया है, हालांकि अब तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दौरे को देखते हुए ज्वालामुखी उपमंडल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वीवीआईपी मूवमेंट के चलते पैराग्लाइडिंग, ड्रोन उड़ान, हॉट एयर बैलूनिंग सहित सभी एयरो-स्पोर्ट्स गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। यह फैसला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया था।

गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर सपड़ी क्षेत्र में यातायात प्रतिबंध भी लागू किए गए थे। सुबह से लेकर कार्यक्रम समाप्ति तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकने के आदेश जारी किए गए थे।

सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री को शुक्रवार शाम चंडीगढ़ पहुंचना था और रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह हिमाचल के लिए रवाना होना था, लेकिन वे चंडीगढ़ ही नहीं पहुंचे।

इस दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह था और शहर में जगह-जगह पोस्टर और स्वागत तैयारियां की गई थीं। दौरा रद्द होने से कार्यकर्ताओं में निराशा देखी गई।

बताया जा रहा है कि इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी गृह मंत्री से मुलाकात कर सकते थे और राज्य से जुड़े अहम मुद्दे उठा सकते थे। खासकर आपदा राहत के लिए घोषित 1500 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज को जल्द जारी करने की मांग रखी जानी थी, लेकिन दौरा रद्द होने से यह अवसर भी टल गया।