Follow Us:

आठ फरवरी तक साफ रहेगा मौसम, 9–10 को बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट; कुल्लू-लाहौल में फिर हिमपात

➤ आठ फरवरी तक प्रदेशभर में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान
➤ 9 और 10 फरवरी को बारिश व बर्फबारी के लिए येलो अलर्ट जारी
➤ 2000 मीटर से ऊपर हिमखंड गिरने की चेतावनी, मनाली में महिला पर्यटक की मौत



हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आठ फरवरी तक अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी, जबकि 9 और 10 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मंगलवार रात कुल्लू और लाहौल घाटी के ऊंचे इलाकों सहित अटल टनल रोहतांग क्षेत्र में ताजा बर्फबारी हुई। हालांकि बुधवार को यहां मौसम साफ रहा। चंबा जिले में भी बर्फबारी के बाद अब जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। विभागीय टीमें सड़कों की बहाली और खराब ट्रांसफार्मरों को ठीक करने में जुटी रहीं।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 2000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमखंड गिरने (एवलांच) की चेतावनी जारी की है। कुल्लू जिले में NH-3 और NH-305 पिछले दो सप्ताह से बाधित हैं। वीरवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर के कई क्षेत्रों में सुबह-शाम घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

बुधवार को प्रदेश में धूप खिली रही। ऊना में अधिकतम तापमान 24.2°C दर्ज किया गया। शिमला में 14.8, कल्पा में 9.2, धर्मशाला व सोलन में 20.0, नाहन में 19.3, मनाली में 11.0, कांगड़ा में 21.3 और मंडी में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा -12.2°C तक पहुंच गया। ताबो -8.8, कल्पा -5.2, मनाली 0.5, सोलन 2.0, भुंतर 2.6, शिमला 3.6, कांगड़ा 4.5, धर्मशाला 4.6, मंडी 5.5, ऊना 6.4, बिलासपुर 7.0 और नाहन में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मनाली में महिला पर्यटक की मौत
मुंबई से मनाली घूमने आई 39 वर्षीय महिला पर्यटक प्रियंका विष्णु दुखंडे की मौत हो गई। वह अपनी मौसी के साथ सोलंगनाला घूमने गई थीं। लौटने के बाद उन्हें तेज ठंड लग गई और तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों से सलाह के बाद होटल में आराम कर रही थीं, लेकिन हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें मिशन अस्पताल मनाली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।