Follow Us:

प्रधानमंत्री को ‘आतंकवादी’ कहने पर मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ धर्मशाला थाने में शिकायत, FIR की मांग

खड़गे के बयान पर धर्मशाला में शिकायत, FIR की मांग तेज
प्रधानमंत्री को लेकर कथित टिप्पणी पर भाजपा का विरोध
देश की भावनाएं आहत होने का आरोप, कानूनी कार्रवाई की मांग



धर्मशाला में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने खड़गे के खिलाफ स्थानीय पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है और FIR दर्ज करने की मांग उठाई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 21 अप्रैल 2026 को चेन्नई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खड़गे ने सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया। भाजपा नेता का कहना है कि यह बयान देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान है और इससे देश की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं।

एडवोकेट विश्व चक्षु ने अपनी शिकायत में कहा कि इस प्रकार की भाषा का प्रयोग न केवल राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि इससे समाज में वैमनस्य, नफरत और अस्थिरता का माहौल भी बन सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

भाजपा की ओर से इसे 140 करोड़ भारतीयों का अपमान बताते हुए कहा गया है कि कांग्रेस चुनावी दबाव में आकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रही है। वहीं, इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में जांच की प्रक्रिया अपनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले समय में यह विवाद और तूल पकड़ सकता है।