Follow Us:

कुल्लू में फिर लैंडस्लाइड का खतरा: इनर अखाड़ा में पहाड़ी दरकी, 5 घर खाली, पहले भी जा चुकी 10 जानें

➤ इनर अखाड़ा में पहाड़ी दरकने से मचा हड़कंप
➤ 5-6 घर खाली कराकर परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया
➤ मानसून में इसी क्षेत्र में 10 लोगों की हो चुकी है मौत


कुल्लू जिले के इनर अखाड़ा क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक पहाड़ी दरकने से भारी मलबा और बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे। घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बने 5 से 6 मकानों को खाली करवा लिया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर अब भी लगातार पत्थर गिर रहे हैं। बीती रात को भी दोबारा मलबा गिरने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में डर का माहौल बना हुआ है। मठ क्षेत्र की पहाड़ी अस्थिर बनी हुई है, जिससे आसपास के इलाकों में खतरा लगातार बढ़ रहा है।

कुल्लू के इनर अखाड़ा में इस जगह से गिरा मलबा और पत्थर।


मानसून में हो चुका बड़ा हादसा

इस इलाके में पहले भी बड़ा हादसा हो चुका है। पिछले मानसून सीजन में लैंडस्लाइड के कारण एक मकान में 10 लोगों की दबकर मौत हो गई थी। अब एक बार फिर लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है

प्रशासन ने ऐसे घरों में रहने वाले लोगों को, जिनके पीछे पहाड़ी खिसकने की आशंका है, तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।


गुरुद्वारे में ठहरने की व्यवस्था, प्रशासन अलर्ट

प्रभावित परिवारों के लिए स्थानीय गुरुद्वारे में रहने और भोजन की व्यवस्था की गई है। राहत और बचाव कार्यों को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश दिए हैं।

लैंडस्लाइड के कारण यातायात भी बार-बार प्रभावित हो रहा है, जबकि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।