Follow Us:

कल्पा में शुरू हुआ पांच दिवसीय रोलाने पर्व, किन्नौर की संस्कृति और परंपराओं का दिखेगा अनूठा संगम

किन्नौर के ऐतिहासिक गांव कल्पा में शुरू हुआ विश्व प्रसिद्ध रोलाने पर्व
पांच दिनों तक पारंपरिक नृत्य, लोक संस्कृति और रीति-रिवाजों की झलक
हजारों देशी-विदेशी पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद, प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम


शिमला/किन्नौर। जनजातीय जिला किन्नौर के ऐतिहासिक गांव कल्पा में विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक ‘रोलाने पर्व’ का शुभारंभ हो गया है। यह उत्सव पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें किन्नौर की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोक नृत्य और प्राचीन परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस उत्सव की लोकप्रियता हर वर्ष बढ़ रही है। इसी को देखते हुए इस बार देश-विदेश से हजारों पर्यटकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। रोलाने पर्व किन्नौर की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां स्थानीय लोग पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर नृत्य करते हुए अपनी विरासत को जीवंत करते हैं।

उत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन के बीच कई दौर की बैठकें आयोजित की गई हैं। प्रशासन ने आयोजन स्थल पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि पुलिस बल और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं ताकि आयोजन के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष का रोलाने पर्व पर्यटकों के लिए किन्नौर की अद्वितीय संस्कृति, परंपराओं और लोक कला को करीब से देखने का खास अवसर साबित होगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि आने वाले सभी मेहमान सुरक्षित और सुखद अनुभव के साथ इस सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लें।