Follow Us:

पेरिस के 800 साल पुरानी नोट्रे-डेम चर्च में लगी भीषण आग, जलकर खाक

समाचार फर्स्ट डेस्क |

फ्रांस की राजधानी पेरिस में स्थित 800 साल पुरानी मशहूर चर्च नोट्रे-डेम कैथेड्रल में भीषण आग लग गई। हालांकि मुख्य ढांचे को बचा लिया गया है, लेकिन आगजनी से ये ऐतिहासिक इमारत जलकर खाक हो गई है। घटना देर शाम की है। पेरिस  में स्थित ये चर्च क्रिश्चयन आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। आग की लपटों की वजह से 13वीं सदी में बने इस चर्च की इमारत ध्वस्त हो गई। हालांकि घटना में किसी जानी नुकसान की सूचना अभी तक नहीं है।

इस घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत दुनिया के कई नेताओं ने गहरा दुख प्रकट किया है। राष्ट्रपति मैक्रों ने एक बेहद भावुक संदेश में कहा, “हमारे वजूद के एक हिस्से को जलता हुआ देखकर उन्हें बेहद तकलीफ हो रही है।” फ्रांस सरकार के एक जूनियर मंत्री लॉरेंट न्यूनेज ने बताया कि अभी आग के कारणों पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। फ्रांस पुलिस इस घटना को महज एक हादसा मानकर चल रही है।

बताया जा रहा है कि इस कैथेड्रल में मरम्मत का काम चल रहा था और आग की वजह यही हो सकती है। पेरिस के मेयर  ने कहा कि अंदर कई कलात्मक कृतियां हैं, ये वास्तविक रूप से एक ट्रेजेडी है। पेरिस की ये धरोहर दुनिया के सबसे प्राचीन कैथेड्रल में से एक है। हर साल लाखों लोग यहां घूमने आते हैं। इस इमारत की नक्काशी और कलाकारी आश्चर्य में डालने वाली है। इस गिरिजाघर को यूनेस्को ने भी वर्ल्ड हेरिटेज घोषित किया है।