Follow Us:

कैलिफोर्निया में यहूदी मंदिर में गोलीबारी, 1 बुजुर्ग महिला की मौत, 3 घायल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कैलिफोर्निया में यहूदी मंदिर (सिनगॉग) में एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं जिसमें 1 महिला की मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए। सेन डियागो काउंटी के शेरिफ बिल गोर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘गोलीबारी के दौरान, 4 लोग घायल हुए थे, जिन्हें पॉलिमर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में एक घायल ने दम तोड़ दिया और अन्य तीन की हालत अब स्थिर है।’

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार घायलों में एक महिला और दो नाबालिग शामिल हैं। घटना में मारी गई महिला बहुत बुजुर्ग थीं। गोर ने पत्रकारों को बताया कि सेन डियागो से 19 साल के एक लड़के को गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। जांच अधिकारी उसके सोशल मीडिया अकाउंट की छानबीन कर रहे हैं और ऑनलाइन जारी किए गए एक खुले पत्र की जांच की जा रही है।

बिल गोर ने बताया कि पुलिस को सिनगॉग में गोलीबारी की घटना की जानकारी सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मिली। गोलीबारी एक ‘एआर-15 टाइप’ राइफल से की गई थी। अमेरिका में गोलीबारी की कई घटनाओं में ‘एआर-15’ का इस्तेमाल किया गया है। गोर ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद एक गश्त अधिकारी ने संदिग्ध पर गोली चलाई हालांकि वह अधिकारी उस समय ड्यूटी पर नहीं था।

सेन डियागो के पुलिस प्रमुख डेविड निस्लेइट ने बताया कि संदिग्ध को बाद में के-9 अधिकारी ने पकड़ा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घटना पर गहरी संवेदना जताई है। उन्होंने कहा, ‘अभी यह घृणा अपराध जैसा लग रहा है। प्रभावित लोगों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और हम इस मामले की पूरी जांच करेंगे।’