Follow Us:

भ्रष्टाचार की लिस्ट में भारत की स्थिति में सुधार, चीन-पाकिस्तान ज्यादा भ्रष्ट

डेस्क |

दुनिया के भ्रष्ट 180 देशों की लिस्ट जारी की गई है। इस सूची में भारत 3 स्थान के सुधार के साथ 78वें स्थान पर पहुंच गया है। इस हिसाब से भारत की स्थिति में सुधार हुआ है। यानी रूस, चीन और पाकिस्तान के साथ 102 देशों में भारत से ज्यादा भ्रष्टाचार है। रिपोर्ट के मुताबिक, सोमालिया दुनिया का सबसे भ्रष्ट देश है।

भ्रष्टाचार-निरोधक संगठन ने वैश्विक भ्रष्टाचार सूचकांक, 2018 जारी किया है। पहले नंबर पर डेनमार्क है, यानी वहां सबसे कम भ्रष्टाचार है। जबकि भारत का नंबर 78 है। इससे पहले 2017 में आई सूची में भारत की रैंक 81 थी। यानी पिछले एक साल के अंदर भारत में भ्रष्टाचार कम हुआ है।

चीन और पाकिस्तान की खराब हालत

भारत की रैंकिंग में जहां सुधार हुआ, वहीं पड़ोसी देश चीन और पाकिस्तान की स्थिति काफी खराब है। इस लिस्ट में चीन 87वें स्थान पर है और पाकिस्तान बहुत ज्यादा बुरी स्थिति में है। 180 देशों की लिस्ट में पाकिस्तान 117वें स्थान पर है।

भ्रष्टाचार के मामले में सबसे खराब हालत सोमालिया की है। डोनाल्ड ट्रंप के राज में अमेरिका की स्थिति भी खराब हुई है। इस साल अमेरिका को 71 प्वाइंट मिले हैं और वह टॉप 20 देशों से बाहर हो गया है। इस साल अमेरिका की रैंक 22 है, जो पहले 18 थी।

बता दें कि साल 2011 के बाद यह पहला मौका है जब भ्रष्टाचार सूचकांक में अमेरिका टॉप 20 बेहतर देशों में शामिल नहीं है। इस वैश्विक भ्रष्टाचार सूचकांक में करीब दो तिहाई से अधिक देशों को 50 से कम अंक मिले हैं। हालांकि देशों का औसत प्राप्तांक 43 रहा है।