Follow Us:

खूनी गिलहरी! 18 लोगों को किया लहूलुहान, दहशत से घरों में बंद हुए लोग

डेस्क |

क्या आपने कभी सोचा है कि प्यारी और मासूम सी दिखने वाली गिलहरी इंसानों पर हमला कर उनको घायल कर सकती है। लेकिन ये बात सच है। ब्रिटेन में इन दिनों इंसानों के खून की प्यासी बनी गिलहरी चर्चा का विषय बनी हुई है। खबर है कि भूरे रंग की ये गिलहरी अब तक 18 लोगों पर हमला कर घायल कर चुकी है। लोगों में इस गिलहरी का खौफ इतना बढ़ गया है लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं।

इस गिलहरी के अटैक से लोग इतने आतंकित हो गए थे कि उन्होंने 10 हजार रुपए जमा किये और इस गिलहरी को पकड़ने वाले को हायर किया। गिलहरी पकड़ने वाला पिंजरा लेकर उसे पकड़ने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान गिलहरी पकड़ने आई टीम पर भी इसने अटैक कर दिया और टीम के एक सदस्य का हाथ लहूलुहान कर दिया। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने गिलहरी को पकड़कर पिंजरे में बंद करने में सफलता हासिल की। गिलहरी के पकड़े जाने के बाद लोगों ने चैन की सांस ली।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटेन के फ्लिंटशायर में यह भूरी गिलहरी एक पार्क में आए लोगों पर जानलेवा हमला कर देती थी। गिलहरी इंसानों पर टूट पड़ती थी और उन्हें अपने खूंखार दातों से घायल कर देती थी। इस गिलहरी ने सबसे पहले एक लड़की पर हमला किया था। जेन हैरी नामक महिला ने इस खूनी गिलहरी के बारे में बताया।

महिला ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले इस खूनी गिलहरी को तब देखा था, जब वह अपनी बेटी के साथ कुछ दिन पहले कहीं जा रहीं थीं। उनकी नजर इस खूनी गिलहरी पर पड़ी। महिला ने बताया कि गिलहरी ने उनकी 29 साल की बेटी क्लो पर हमला कर दिया था और उसकी गर्दन पर अपने खूंखार दांतों से काटकर उसे घायल कर दिया था।

महिला ने बताया कि जब तक उनकी बेटी संभल पाती और उसके हमले से बच पाती, तब तक गिलहरी ने उनकी बेटी को तीन बार काट लिया था। रिपोर्ट के अनुसार, इस खूनी गिलहरी ने सिर्फ 48 घंटे में पार्क में आने वाले 18 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इस गिलहरी ने एक शख्स की बिल्लियों पर भी हमला किया था. इसके अलावा उसने कई जानवरों को भी नुकसान पहुंचाया था।