Follow Us:

नेपाल में बाढ़ और लैंडस्लाइडिंग से 55 मौतें, 700 लोग फंसे

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मानसून में भारी बारिश भारत के साथ और नेपाल में कहर बरपा रही है। इस बरसात की वजह से कई लोगों की मौत हो गई है और करोड़ों रुपए की संपत्ति बह गई है। नेपाल में भी भारी बारिश ने खूब आफत मचाई हुई है। बारिश के कारण यहां पर बाढ़ और लैंडस्लाइडिंग से 55 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा मध्य हिस्से में 200 भारतीय सहित करीब 700 पर्यटक फंसे हुए हैं।

बाढ़ और लैंडस्लाइडिंग की वजह से नेपाल के 21 जिले प्रभावित हुए हैं। जानकारी के अनुसार चितवन में 100 से अधिक होटल आंशिक रूप से जलमग्न हो गए हैं। परसा जिले में 1000 से अधिक मकानों में पानी घुस गया है। अधिकारियों ने बताया कि यहां पिछले तीन दिनों में भारी बारिश के चलते बाढ़ आ गई है और कई स्थानों पर लैंडस्लाइडिंग हुआ है।

गौरतलब है कि नेपाल सरकार की कैबिनेट ने कल एक आपात बैठक की थी। प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने जिला प्रशासनों को बचाव अभियान तेज करने को कहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मध्य और पश्चिमी मैदानों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसने बताया कि मॉनसून धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है और पश्चिमी क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है।