Follow Us:

खुशखबरी! कच्चे तेल के दामों में भारी गिरावट, पेट्रोल-डीजल सस्ता होने का रास्ता साफ

डेस्क |

दुनिया में क्रूड ऑयल के दाम जिस तेजी से बढ़ रहे थे, उसके बाद तेल उत्पादक देशों के सामने दबाव की स्थिति बन गई थी। अभी तक ओपेक देश कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाने को तैयार नहीं हो रहे थे। लेकिन अब वैश्विक दबाव के बाद यूएई कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाने का तैयार हो गया है। जैसे ही यह बात सामने आई है ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स का रेट करीब 16.84 डॉलर (13.2 फीसदी) की गिरावट दर्ज हुई है।

इस गिरावट के बाद ब्रेंट क्रूड का दाम 111.14 डॉलर प्रति बैरल पर आकर बंद हुआ है। आज कच्चे तेल में जो गिरावट आई है वह 21 अप्रैल, 2020 के बाद की एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। इसके अलावा यूएस क्रूड फ्यूचर्स भी 15.44 डॉलर (12.5 फीसदी) गिरावट के बाद 108.70 डॉलर के स्तर पर बंद हुआ है। यह नवंबर 2021 के बाद से सबसे बड़ी दैनिक गिरावट है।

ओपेक संगठन का प्रमुख सदस्य संयुक्त अरब अमीरात के बयान के बाद वैश्विक तेल की कीमतों में लगभग दो वर्षों में सबसे अधिक गिरावट आई है। यूक्रेन और रूस विवाद के बाद यह दुनिया के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर है।

अमीरात ने कहा है कि हम कच्चे तेल के उत्पादन में वृद्धि के पक्ष में हैं। इसके अलावा अमीरात ओपेक को कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाने के लिए अन्य देशों से भी कहेंगे। अमीरात की तरफ से यह बयान अमेरिका में अमीरात के राजदूत यूसुफ अल ओतैबा ने दूतावास की तरफ से ट्वीट कर जारी किया है।