Follow Us:

क्या अब परमाणु हमले का सहारा लेगा रूस? पुतिन ने क्यों उठाया एटमी ब्रीफकेस?

डेस्क |

रूस और यूक्रेन के बीच जंग को दो महीने होने वाले हैं। लेकिन इतने वक्त के बाद भी रूसी सेना ने अपने कदम न तो पीछे किए हैं और न की राजधानी कीव में अपना कब्जा कर पाई है। दो महीनों के दरम्यान कई दफे रूस की तरफ से न्यूक्लियर अटैक की धमकी दी गई।

पुतिन ने कई बार कहा कि अगर अमेरिका और पश्चिमी देश यूक्रेन की मदद करते रहे तो अंजाम खतरनाक हो सकते हैं। अब पुतिन न्यूक्लियर ब्रीफकेस के साथ बेलारूस के तानाशाह अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ देखे गए हैं। एटमी ब्रीफकेस के साथ पुतिन की तस्वीरों ने एक बार फिर परमाणु हमले का खतरा बढ़ा दिया है।

डेलीमेल के मुताबिक, पिछले सप्ताह बेलारूस के दौरे पर पहुंचे पुतिन को एटमी ब्रीफकेस के साथ देखा गया। ये वही ब्रीफकेस है जिसमें न्यूक्लियर हमले से जुड़े दस्तावेज और अलर्ट अलार्म होता है। बेलारूस के तानाशाह लुकाशेंकों के साथ पुतिन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में पुतिन के साथ खड़ा शख्स हाथ में काले रंग का ब्रीफकेस लिए है, दावा किया जा रहा है कि यह एटमी ब्रीफकेस है।

अमेरिका के एटमी फुटबॉल की तरह रूस के पास एटमी ब्रीफकेस है। यह खास ब्रीफकेस रूस के राष्ट्रपति के पास ही रहता है। इस खास ब्रीफकेस में परमाणु हथियारों के कोड होते हैं। इसका इस्तेमाल सिर्फ रूस के राष्ट्रपति ही कर सकते हैं।