Follow Us:

अमेरिका ने भारत को दी धमकी, कहा-ईरान से तेल खरीदा तो होगी सख्त कार्रवाई

समाचार फर्स्ट डेस्क |

अमेरिका ने 4 नवंबर के बाद ईरान से कच्चा तेल खरीदने पर भारत को सख्त कार्रवाई की धमकी दी है। ईरान पर अमेरिका ने पाबंदी लगाई हुई है। इसके बावजूद भारत उससे तेल खरीदना चाहता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि जो भी देश 4 नवंबर के बाद ईरान से तेल खरीदेगा, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

आपको बता दें कि हाल में रूस के साथ एस-400 मिसाइल डील के बाद से ही भारत और अमेरिका के रिश्तों में खटास चल रही है। ट्रंप ने कहा कि 4 नवंबर तक दुनिया के सभी देशों को ईरान से तेल आयात को शून्य करना होगा। जो भी देश ऐसा नहीं करेगा, उसे हम देख लेंगे। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि चीन भी ईरान से कच्चा तेल खरीद रहा है। ट्रंप ने मई में अमेरिका को 2015 में हुए ईरान परमाणु समझौते से अलग कर लिया था और उस पर फिर से प्रतिबंध लगाए।
पहले ही दे रखी है धमकी

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस से पांच अरब डॉलर के सौदे में एस-400 हवाई रक्षा प्रणाली खरीदने पर भारत के खिलाफ अमेरिकी कानून के तहत दंडात्मक कार्रवाई होती है अथवा नहीं इसके बारे में जल्द स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। पांच बिलियन डॉलर की इस मेगा डिफेंस डील पर अमेरिका काटसा प्रतिबंध (काउंटरिंग अमेरिकन एडवर्सरीज थ्रू सैंकशन्स- CAATSA) लगा सकता है। पिछले महीने अमेरिका ने चीन पर यही बैन लगाया था। तब चीन ने रूस से लड़ाकू विमान और मिसाइल डिफेंस सिस्टम खरीदा था।