TikTok ban in the US 2025: अमेरिका में शनिवार शाम से टिकटॉक एप पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद टिकटॉक की पैरेंट कंपनी बाइटडांस को अमेरिका में संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही एप को गूगल और एपल प्ले स्टोर से हटा दिया गया है।
यूजर्स को मिला संदेश
एप खोलने पर यूजर्स को एक संदेश दिखाई दे रहा है, जिसमें प्रतिबंध की जानकारी दी गई है। संदेश में “हमसे जुड़े रहिए” का जिक्र किया गया है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि टिकटॉक का संचालन भविष्य में फिर से शुरू हो सकता है।
प्रतिबंध का कारण और संभावनाएं
अमेरिकी सरकार ने सुरक्षा चिंताओं के आधार पर टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाया है। अमेरिका का आरोप है कि टिकटॉक यूजर्स का डेटा चीन इकट्ठा कर रहा है। टिकटॉक के अमेरिका में 17 करोड़ यूजर्स हैं। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा है कि अगर कोई अमेरिकी कंपनी बाइटडांस के शेयर खरीदकर टिकटॉक का संचालन करती है, तो एप का संचालन जारी रह सकता है।
ट्रंप का बयान और मस्क की संभावनाएं
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जो पहले टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने के पक्ष में थे, अब इसे जारी रखने के संकेत दे रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि एलन मस्क बाइटडांस के शेयर खरीद सकते हैं, लेकिन इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।



