Shimla 24×7 Water Supply : राजधानी शिमला में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की दिशा में अहम प्रगति हुई है। इस योजना के तहत शकरोड़ी से शहर तक पानी पहुंचाने का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक 90% पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि मार्च तक पंप हाउस और स्टोरेज टैंक निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
महापौर ने किया स्थलों का दौरा, कार्य में तेजी के निर्देश
मंगलवार को नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने शकरोड़ी और द्वाडा में प्रोजेक्ट का जायजा लिया। इस दौरान नगर निगम उप महापौर उमा कौशल, पेयजल कंपनी के अधिकारी और नगर निगम पार्षद भी मौजूद रहे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द कार्य पूरा कर 24 घंटे पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
शहर को 2035 तक 42 एमएलडी और 2050 तक 65 एमएलडी पानी की आपूर्ति का लक्ष्य
24 घंटे पेयजल प्रोजेक्ट के तहत शिमला को 42 एमएलडी पानी मिलेगा। शुरुआती चरण में 20 एमएलडी पानी की टेस्टिंग सप्लाई की जाएगी, जिसे धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा। 2035 तक पानी की आपूर्ति 42 एमएलडी और 2050 तक 65 एमएलडी तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
बिजली ट्रांसफार्मर जल्द लगेगा, बिजली बोर्ड को लिखा जाएगा पत्र
महापौर सुरेंद्र चौहान ने बिजली ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बिजली बोर्ड को पत्र लिखने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पेयजल परियोजना के लिए 66 केवी ट्रांसफार्मर के एफसीए क्लीयरेंस की प्रक्रिया जारी है, जबकि बिजली बोर्ड को पहले ही 59 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। इसके अलावा, 22 केवी का ट्रांसफार्मर जल्द स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू होगी।



