Follow Us:

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 67 शिक्षकों को सिंगापुर के शैक्षणिक भ्रमण पर किया रवाना

Himachal Teachers Singapore Tour: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 67 शिक्षकों को सिंगापुर के शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना किया। इस अवसर पर समग्र शिक्षा निदेशालय, शिमला में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को उनके पासपोर्ट सौंपे और शुभकामनाएं दीं। इस दौरे के लिए जेबीटी, सीएंडवी और टीजीटी वर्ग के शिक्षकों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों को विश्वस्तरीय एक्सपोजर देने के लिए यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने शिक्षकों से सिंगापुर की उन्नत शिक्षा प्रणाली को समझने और उसे हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में लागू करने का आग्रह किया।

शिक्षकों को सिंगापुर की प्रतिष्ठित ‘प्रिंसिपल्स एकेडमी’ में आधुनिक शिक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके तहत उन्हें ऑक्सफोर्ड और कैंब्रिज यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रशिक्षकों द्वारा सिखाया जाएगा। इस दौरान शिक्षक “प्रभावी संलग्नता और विकास की रणनीतियाँ” (Strategies in Effective Engagement and Development) और “अनुभवात्मक शिक्षा के लिए जाँच और समस्या आधारित शिक्षण” (Engaging Students in Experiential Learning Through Inquiry and Problem-Based Learning) जैसे विषयों पर ज्ञान अर्जित करेंगे। इसके अलावा, वे स्थानीय विद्यालयों का दौरा कर सिंगापुर की शिक्षण पद्धतियों को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हाल ही में जारी असर रिपोर्ट में हिमाचल के बेहतरीन प्रदर्शन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल ने केरल को पछाड़कर शिक्षा गुणवत्ता में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परख सर्वे में भी राज्य का प्रदर्शन बेहतर रहेगा। शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि पहली बार हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्कूली छात्रों को कंबोडिया और सिंगापुर के शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा। इस ऐतिहासिक निर्णय से ग्रामीण स्कूलों के बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्रणाली को देखने और सीखने का अवसर मिला।

समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण के लिए हिमाचल के हजारों शिक्षकों में से बेस्ट परफॉर्मर को चयनित किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले साल शिक्षकों के विदेश दौरे की शुरुआत हुई थी और यह पहल लगातार जारी रहेगी। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि शिक्षा मंत्री के निर्देशानुसार उनके लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं ताकि उनकी यह यात्रा सफल हो।