-
देहरा के सुकाहर गांव से पकड़े गए आरोपी के खिलाफ 152 BNS के तहत केस दर्ज
-
सेना, बीएसएफ, एनआईए, आईबी ने देहरा पुलिस से संपर्क कर मांगा सहयोग
-
फोरेंसिक जांच में मोबाइल से डिलीट चैट्स और संवेदनशील सामग्री की पड़ताल जारी
Blog: Barjeshwar, Dehra
Dehra Spy Case: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल स्थित सुकाहर गांव से गिरफ्तार जासूसी आरोपी अभिषेक सिंह भारद्वाज के मामले ने राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय कर दिया है। प्रारंभिक जांच में देहरा पुलिस को आरोपी के मोबाइल से पाकिस्तान भेजी जा रही संवेदनशील जानकारी और संदिग्ध डिजिटल सामग्री के प्रमाण मिले हैं। इसी के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 BNS (देशद्रोह और जासूसी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को अभिषेक को उसके घर से गिरफ्तार किया गया और वीरवार को कोर्ट में पेश कर 5 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। पुलिस और तकनीकी एजेंसियों को मोबाइल में डिलीट की गई संदिग्ध चैट्स, संवेदनशील दस्तावेजों और सोशल मीडिया गतिविधियों के डिजिटल प्रमाण मिले हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच जारी है।
सूत्रों के अनुसार, 11 जून 2024 को आरोपी ने फेसबुक पर एक वीडियो डाला था, जिसमें दो पिस्टल, तीन AK-47 राइफलें और गोलियों की कतारें दिखाई दे रही थीं। हैरानी की बात ये है कि गोलियों पर आरोपी का नाम “अभिषेक भारद्वाज” खुदा हुआ था। इस वीडियो को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीर चिंता जताई है।
आरोपी के पास से मिली सामग्री में विदेशी एजेंटों से संवाद के संकेत भी मिले हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि अभिषेक ने कॉलेज छोड़ दिया था और सोशल मीडिया के माध्यम से संदिग्ध नेटवर्क से जुड़ गया था। उसकी माता एक होटल में सफाई कर्मचारी हैं और पिता ड्राइवर, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से ताल्लुक रखता है।
गिरफ्तारी के बाद से सुकाहर गांव में भय और आश्चर्य का माहौल है। ग्रामीणों को यह विश्वास नहीं हो रहा कि उनका जान-पहचान का युवक देशविरोधी गतिविधियों में शामिल हो सकता है। पुलिस ने आम जनता से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
एसपी मयंक चौधरी ने कहा कि राज्य की सुरक्षा से समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



