-
रक्छम बीट सांगला ब्लॉक में शिक्षा, पर्यटन विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता में पर्यावरण दिवस मनाया गया
-
वन मित्र अल्पना नेगी ने दी सिंगल यूज़ प्लास्टिक की हानियों की जानकारी, प्रतिभागियों को दिलाई पर्यावरण सरंक्षण की शपथ
-
प्लास्टिक उन्मूलन हेतु जागरूकता रैली और सफाई अभियान, समस्त प्लास्टिक सामग्री को प्रोसेसिंग यूनिट में किया गया जमा
किन्नौर, पराक्रम चंद: जिला के रक्छम छितकुल वन्यप्राणी अभ्यारण्य स्थल में विश्व पर्यावरण दिवस बड़े ही सामुदायिक और जागरूकता पूर्ण वातावरण में मनाया गया। यह कार्यक्रम वन्यप्राणी मंडल सराहन के अंतर्गत रक्छम बीट, सांगला रेंज में आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा विभाग, पर्यटन विभाग, ग्राम पंचायत, महिला मंडल, युवक मंडल और स्थानीय होटल व्यवसायियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम में लगभग 100 स्कूल विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर प्राकृतिक संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। कार्यक्रम का आरंभ वरिष्ठ वन रक्षक संतोष ठाकुर द्वारा सभी प्रतिभागियों के स्वागत से हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि रक्छम पंचायत प्रधान सुशील नेगी का खटक पहनाकर सम्मान किया।
वन मित्र कुमारी अल्पना नेगी ने उपस्थित जनों को पर्यावरण दिवस के महत्व और सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी को वन और वन्यजीव संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
इसके उपरांत, प्लास्टिक उन्मूलन के उद्देश्य से रक्छम से नर्सरी एरिया तक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें पोस्टर, नारे और पर्यावरण संदेशों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाई गई। इसके साथ-साथ वन्यप्राणी अभ्यारण्य स्थल में सफाई अभियान भी चलाया गया, जिसमें प्लास्टिक बोतलें और अन्य कचरा इकट्ठा कर स्थानीय प्लास्टिक प्रोसेसिंग यूनिट में भेजा गया।
कार्यक्रम का सार इस पंक्ति में समाया—“प्रकृति का सम्मान करने वालों के यश का सदा विस्तार हो, पर्यावरण का संरक्षण करने वालों का आज हर सपना साकार हो।”



