➤ छात्र राजनीति से आगे बढ़कर प्रवीण मिन्हास को सहकारी बैंक निदेशक की जिम्मेदारी
➤ कम उम्र में बड़ा पद — मुख्यमंत्री की ‘व्यवस्था परिवर्तन’ नीति का उदाहरण
➤ चंबा और भरमौर क्षेत्र में युवाओं में उत्साह का माहौल
हिमाचल प्रदेश सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देते हुए चंबा जिले की राड़ी पंचायत के युवा प्रवीण मिन्हास को हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक मंडल में नियुक्त किया है। यह निर्णय मिन्हास की लंबी राजनीतिक यात्रा और छात्र राजनीति से शुरू हुए संघर्ष को दर्शाता है।
प्रवीण मिन्हास भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष भी रहे हैं। आम परिवार से निकलकर छात्र राजनीति में मजबूत पहचान बनाने वाले मिन्हास ने चंबा पीजी कॉलेज से पढ़ाई शुरू की और उसके बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एलएलबी व एलएलएम की डिग्री हासिल की।
युवा वर्ग में लोकप्रिय प्रवीण मिन्हास वर्तमान सरकार में सबसे कम उम्र के निदेशकों में गिने जाते हैं। इतनी कम उम्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ‘व्यवस्था परिवर्तन’ नीति की स्पष्ट झलक है।
नियुक्ति के बाद प्रवीण मिन्हास ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा विशेष कार्य अधिकारी रितेश कपरेट के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय संगठन के उन साधारण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है, जिन्हें अपने समर्पण के आधार पर आगे बढ़ने का मौका दिया जा रहा है।
उनकी नियुक्ति को चंबा जिला और भरमौर क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। संगठन के युवा कार्यकर्ताओं में इस निर्णय से उत्साह और ऊर्जा का नया माहौल बना है।



