➤ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बेसहारा बच्चों से वीडियो कॉल पर की बातचीत
➤ बच्चों की पढ़ाई, रहन-सहन और भविष्य की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाएगी
➤ शिक्षा छोड़ चुकी बच्ची की पढ़ाई दोबारा शुरू कराने का आश्वासन
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए जिला चम्बा की भजोतरा पंचायत के मटवाड़ गांव के बेसहारा बच्चों से वीडियो कॉल के माध्यम से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों का हालचाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बच्ची निशा से बातचीत करते हुए कहा कि चारों बच्चों की पढ़ाई CCI केंद्र के माध्यम से जारी रखी जाएगी। उनकी शिक्षा, रहन-सहन और अन्य सभी जरूरतों का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने बच्चों से कहा कि आप सभी पढ़ाई जारी रखें, आपका भविष्य हम बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का एक भाई चेन्नई में रह रहा है, जिसे चाहें तो हिमाचल बुलाया जा सकता है। सभी बच्चों को सरकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित किया जाएगा, ताकि उन्हें आगे किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डलहौजी: बेसहारा मासूमों की गुहार, क्या इन बच्चों को मिलेगा उज्ज्वल भविष्य?
बातचीत के दौरान सामने आया कि निशा ने दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। मुख्यमंत्री ने उसे दोबारा पढ़ाई शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वह 11वीं और 12वीं की शिक्षा पूरी करे, इसके लिए सरकार हरसंभव सहायता देगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि बच्चों की जमीन से जुड़े लोन की समस्या का समाधान भी निकाला जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के मामलों को संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता पर सुलझाया जाए।



