➤ झारखंड से बाल मजदूरी के लिए लाए गए दो नाबालिग सुरक्षित बरामद
➤ महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार, 16 फरवरी तक पुलिस रिमांड
➤ दिल्ली में मास्टरमाइंड होने की आशंका, पैसों के लेनदेन की जांच
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में मानव तस्करी और बाल श्रम का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश कर 16 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार झारखंड से दो नाबालिग बच्चों को मजदूरी के लिए हिमाचल लाया गया था। मामले की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को मिली, जिसके बाद महिला पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने एक नाबालिग को हमीरपुर और दूसरे को कुल्लू से सुरक्षित रेस्क्यू किया। आरोपियों में एक महिला दुलारी देवी निवासी झारखंड शामिल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह झारखंड से पांच नाबालिग बच्चों को हिमाचल लाई थी।
पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह का मुख्य सरगना दिल्ली में बैठा है और वहीं से पूरे नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था। मामले में पैसों के लेनदेन और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष मनीष राणा ने बताया कि बच्चों को सुरक्षित उनके परिवारों से मिलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ठाकुर ने कहा कि बाल श्रम और मानव तस्करी के हर पहलू की जांच की जा रही है और दिल्ली कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।



