Follow Us:

BBMB अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की रेड, लिंग जांच करते डॉक्टर समेत 5 लोग गिरफ्तार

मनोज धीमान |

स्वास्थय विभाग की टीम ने चंडीगढ़ से आई स्पेशल टीम के साथ तलवाड़ा के बीबीएमबी अस्पताल में छापा मारकर डॉ. गुरदीप सिंह को रंगे हाथ लिंग निर्धारण टेस्ट करते पकड़ा। इसके अलावा 4 अन्य भी हिरासत में लिए हैं।

स्पीड नेटवर्क चंडीगढ़ के डायरेक्टर रमेश दत्त ने बताया कि उन्हें लंबे समय से पंजाब तथा हिमाचल के बीच तलवाड़ा क्षेत्र में भ्रूण जांच की शिकायतें मिल रही थीं। वीरवार को फर्जी महिला ग्राहक को 30 हजार 500 रुपए देकर गांव रजवाल में एक निजी क्लिनिक एएनएम व पूर्व महिला सरपंच बंदना देवी के पास भेजा। दोनों के बीच 20 हजार 500 में सौदा तय हुआ। महिला ग्राहक को बंदना देवी अपनी स्कूटी पर बैठा कर बीबीएमबी अस्पताल ले गई। यहां डॉक्टर गुरदीप सिंह को टीम ने लिंग निर्धारण टेस्ट करते रंगे हाथ पकड़ लिया। जेब से 3500 रुपए नकद मिले जो टीम द्वारा दिए नोट से मिलान हो गए। टीम ने अल्ट्रा साउंड मशीन सील कर दी है। आरोपी डॉक्टर समेत अन्य 5 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।

ग्राहक लाने को दो लड़के रखे थे…

सिविल सर्जन डॉ. रेणु सूद ने बताया कि होशियारपुर में 5 लोगों के गिरोह को पकड़ा है। इनमें बीबीएमबी अस्पताल के डॉक्टर गुरदीप सिंह, पूर्व सरपंच गावं रजवाल बंदना देवी, प्राइमरी हेल्थ सेंटर भोल कलोता में तैनात आशा देवी, जासिन मसीह और डेनियल मसीह गुरदासपुर शामिल हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि बंदना देवी तथा आशा देवी पैसे का लेन-देन करती हैं। ग्राहक लाने का काम दोनों लड़के करते थे।