Follow Us:

चरखी दादरी में CM सुक्खू : कांग्रेस की लहर, भाजपा को मिलेगी शिकस्त

|

 

Chandigarh: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हरियाणा के चरखी दादरी में कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मनीषा सांगवान के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल और हरियाणा भाई-भाई हैं, और हिमाचल प्रदेश में आर्थिक संकट की कोई समस्या नहीं है। भाजपा नेता जनता को भ्रमित करने के लिए झूठ फैला रहे हैं।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने सभा में कहा कि हरियाणा में बदलाव की लहर चल रही है और कांग्रेस की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा के दस साल के कुशासन से हरियाणा की जनता जल्द ही मुक्त होगी। किसानों को कांग्रेस सरकार में फसलों का उचित मूल्य मिलेगा।

सुक्खू ने हरियाणा के किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव क्षेत्र के भविष्य का चुनाव है, और जनता को सोच-समझकर वोट डालने की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि 5 अक्तूबर को की गई गलती का असर आने वाली पीढ़ियों पर पड़ सकता है। कांग्रेस के गारंटी पत्र में दी गई सभी गारंटियों को सरकार बनने पर पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने हिमाचल प्रदेश के बारे में झूठी जानकारी फैलाने की कोशिश की, लेकिन हिमाचल सरकार ने भ्रष्टाचार को समाप्त कर व्यवस्था परिवर्तन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरियाणा में हिमाचल की चर्चा करने के बजाय, हरियाणा में भाजपा के 10 साल के कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।