Follow Us:

जिला अध्यक्ष को CM ने दी बधाई, कहा-लोगों तक पहुचाएं सरकार की उपलब्धियां

पी. चंद |

शिमला के नवनिर्वाचित बीजेपी अध्यक्ष और सहकारिता फैडरेशन के अध्यक्ष रवि मेहता सहित एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जय राम ठाकुर ने रवि मेहता को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में शिमला ज़िला में भाजपा और अधिक मजबूत और सशक्त बन कर उभरेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं कि वे विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का हिस्सा हैं। पार्टी के साथ अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के प्रयास होने चाहिए। कार्यकर्ताओं पर यह बड़ी जिम्मेदारी है कि वे प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास करें।  पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता आपसी समन्वय तथा मिशन के रूप में भाजपा को धरातल पर मजबूत करने का प्रयास करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में संगठनात्मक चुनाव संवैधानिक रूप से करवाए जाते रहे हैं और अब तक सभी पदाधिकारी सर्वसम्मति से निर्वाचित किए गए हैं। दूसरी ओर राज्य में कांग्रेस एक विभाजित पार्टी है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से इसी प्रकार अच्छा काम करने का आह्वान किया ताकि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश में पुनः भाजपा की सरकार बने। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा फिर सत्ता में आई है।

उन्होंने कहा कि देश के लोग भाग्यशाली हैं कि उनके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे कुशल और योग्य नेता हैं, जिनके नेतृत्व में भारत ने अपनी विश्व गुरू की पुरानी पहचान प्राप्त की है। केंद्र में भाजपा सरकार होने का हिमाचल प्रदेश को भरपूर लाभ मिल रहा है और उन्होंने प्रदेश को केंद्र सरकार से मिलने वाले भरपूर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।