Follow Us:

दलबदल कानून को अतिशीघ्र बदले केंद्र सरकार, 1 पार्टी छोड़ दूसरी पार्टी में जाने वालों की रद्द हो सदस्यता: शांता

मृत्युंजय पुरी |

बीजेपी के वरिष्ठ नेता एंव प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा है कि अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास की भव्य तैयारियां हो रही है। समाचार पढ़कर बहुत अधिक प्रसन्नता होती है और स्वाभिमान से मस्तक ऊंचा हो जाता है। लेकिन एक और समाचार से शर्म से सिर झुक जाता है। राजस्थान सरकार सचिवालय में नहीं है। मंत्री विधायक अपने घरों में भी नहीं है। 95 विधायकों के साथ मुख्यमंत्री जयपुर के एक होटल में थे अब वहां से कल एक विशेष विमान द्वारा जैसलमेर के एक पांच सितारा होटल में चले गये। प्रदेश के परिवहन मंत्री ने कहा कि विधायकों को इसीलिए वहां ले जाना पड़ा ताकि कोई विधायक दूसरी पार्टी में न चला जाए। सचिन पायलट भी 19 विधायकों को लेकर एक पांच सितारा होटल में है।

उन्होंने कहा कि कल मुख्यमंत्री श्री गहलोत जी ने कहा था कि 14 अगस्त विधान सभा सैशन की तिथि तय होने के बाद विधायकों का भाव बड़ गया है। पहले प्रति विधायक भाव 25 करोड़ था। अब मनमर्जी का भाव हो गया है। गहलोत मुख्यमंत्री है और मुख्यमंत्री भी कांग्रेस के है। वे ही विधायकों की मंडी का ताजा भाव ठीक-ठीक बता सकते हैं।

शांता कुमार ने कहा कि यह सब पढ़कर और सोचकर हरेक भारतीय को शर्म आयेगी। आजादी के 72 साल के बाद लोकतंत्र का इस प्रकार का जनाज़ा वही पार्टी निकाल रही है जो भारत की सबसे पुरानी पार्टी है। यदि इसी प्रकार से राजनीति का अवमूल्यन होता रहा तो जनता का लोकतंत्र से ही विश्वास समाप्त हो जाएगा। देश ने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया है। उन्होंने केन्द्र सरकार से मांग की कि दलबदल कानून को अतिशीघ्र बदला जाये। एक पार्टी के टिकट पर जीतने वाला विधायक यदि पार्टी छोड़े तो उसकी सदस्यता समाप्त हो और उसे दस साल तक कोई भी चुनाव लड़ने से अयोग्य ठहराया जाये।