Follow Us:

कोरोना कर्फ्यू में घटा क्राइम रेट, उल्लंघन करने वालों से वसूला 60 लाख का जुर्माना: DGP

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश में पिछले लॉकडाउन के मुक़ाबले इस कोरोना कर्फ्यू में क्राइम रेट कम हुआ है। इस बार सड़क हादसों के साथ-साथ आत्महत्याओं के आंकड़ों में भी गिरावट दर्ज़ की गई है। चोरी और दूसरे अपराध में भी कमी आई है। हिमाचल में अभी तक कोरोना कर्फ्यू में 1209 शादियों की अनुमति ली गई, जिनमें से 917 शादियों में पुलिस ने दबिश दी। एक एफआईआर दर्ज की गई जबकि 24 चालान काटकर 92 हज़ार फाइन किया गया।

साथ ही ऐसी 70 शादियों में दंबिश दी जो बिना इज़ाज़त के चल रही थी जिनमें 6 एफआईआर दर्ज़ की गई और 30 हज़ार चालान किया। कोरोना कर्फ्यू में 325 वाहनों को नियमों का दोषी पाया गया इनमें 4 एफआईआर दर्ज़ की गई और 2 लाख 28 हज़ार का जुर्माना लगाया गया व 6 वाहन ज़ब्त किए गए। ये जानकारी हिमाचल पुलिस प्रमुख संजय कुंडू ने दी।

उन्होंने बताया कि वाहन में मास्क न लगाने के लिए 72 हज़ार का जुर्माना लगाया गया। झूठी आईडी से हिमाचल में प्रवेश करने पर दो एफआईआर दर्ज की गई। मास्क न पहनने पर प्रदेश में 44 लाख 57 हज़ार 800 रुपए जुर्माना वसूल किया। बाज़ारों में कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर 608 चालान किए 32 एफ़आईआर की और 7 लाख 75 हज़ार 500 रुपए जुर्माना किया। हिमाचल पुलिस मे 17000 पुलिस कर्मी है। इनमें से लगभग 90 फ़ीसदी जवानों को वैक्सीन की दोनों खुराक दी जा चुकी है।

संजय कुंडू ने बताया कि कोविड की पहली लहर से अभी तक पुलिस के 5 कर्मी काल का ग्रास बन चुके है। वैक्सीनेशन के बाद सिर्फ़ एक डोज़ के बाद एक पुलिस जवान की मौत हुई है।