Follow Us:

मंडी: शिवरात्रि मेला के दौरान देवी देवताओं के बैठने की जगह पर भवन निर्माण का विरोध

बीरबल शर्मा |

सर्व देवता समिति व देव संरक्षण कमेटी मंडी ने ऐतिहासिक पड्डल मैदान के राजकीय कालेज वाले हिस्से में जहां पर अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के दौरान देवी देवता विराजमान होते हैं वहां पर विशाल भवन का निर्माण शुरू करने का कड़ा विरोध जताया है। सर्व देवता समिति के प्रधान शिव पाल शर्मा ने बताया कि पड्डल मैदान में जहां देवी देवता अनगिनत वर्षों से मेले के दौरान बैठते हैं वहा वल्लभ कॉलेज मंडी प्रशासनिक ब्लॉक के भवन का निर्माण किया जा रहा है। उस स्थान पर कम से कम 35-40 देवी देवता शिवरात्रि के दौरान बैठते हैं। आगामी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि 2022 मे देवताओं को बैठने का स्थान नहीं मिल पाएगा, जो देवी देवताओं के कारदारों में चिंता का विषय बना हुआ है।

सर्व देवता समिति ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है की इस विषय पर समय रहते ध्यान देना जरूरी है। क्योंकि यह हमारा कर्तव्य भी बनता है की हम अपनी सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करे ,लेकिन देवतों के स्थान को ध्यान में रख कर ही अग्रीम से संज्ञान लिया जाना चाहिए। महोदय से अनुरोध है कि देवताओं के लिए जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मेले है उनका चिन्हित स्थान राजस्व अभिलेख में जिला उपायुक्त द्वारा चिन्हित करवाए ताकि भविष्य में देवी देवताओं के चिन्हित स्थानों से कोई छेड़खानी न करें क्योंकि जिस नाम से हमारे हिमाचल की पहचान है वो वैसे के वैसी रहे , आम जनता की श्रद्धा हिमाचल में देवताओं के साथ जुड़ी है। इस संबंध में सर्व देवता सेवा समिति की तरफ से सरकार और प्रशासन को ई मेल के जरिए पहले ही पत्र लिख कर निवेदन किया जा चुका है।

इधर, देव संस्कृति संरक्षण एवं संवर्धन समिति के प्रधान तिलक राज सैणी ने कहा कि कलस्टर यूनिवर्सिटी भवन का काम तुरंत रोका जाए तथा इसे कैंटीन साथ खाली पड़ी जगह पर बनाया जाए। देवी देवताओं के बैठने की जगह पर इस तरह का निर्माण कतई बर्दास्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह कृत्यों का अंजाम जय राम सरकार को आने वाले विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ सकता है। इसे लेकर देव समाज समितियां उग्र प्रदर्शन करने को भी तैयार हैं।