Follow Us:

धर्मशाला: पीस मील वर्करों के समर्थन में आए केवल पठानिया, बोले- कांग्रेस लड़ेगी कर्मचारियों के हित की लड़ाई

मृत्युंजय पुरी |

प्रदेशभर के HRTC पीस मील वर्कर मागों को लेकर 17 अगस्त से 26 अगस्त तक टूल डाउन हड़ताल पर बैठे हैं। प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया भी पीस मील कर्मचारियों के समर्थन में आए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पूरे प्रदेश में पथ परिवहन निगम के पीस मील कर्मचारियों को 5 साल में रेगुलर करने की नीति बनाई थी। लेकिन मौजूदा सरकार ने इस नीति को खत्म करके इन कर्मचारियों के साथ धोखा किया है और अब इन्हें रोजगार से निकालने की तैयारी में लगी है। लेकिन कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के हितों के लिए हमेशा लड़ाई लड़ेगी और हमेशा इनके साथ खड़ी रहेगी।

पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार की नाकामी से पथ परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी भी आज खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं । इन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भाजपा सरकार समय पर पेंशन नहीं दे पा रही है और न ही इनके भत्तों का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीस मील कर्मचारियों का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि सरकार इन पीस मील कर्मचारियों की मांगों को पूरा करे और इनका शोषण बंद करे। इनके लिए जो 5 सालों की नीति बनाई गई है उसको बहाल किया जाए।  

प्रदेश कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आने वाले 2022 के चुनावों के लिए कर्मचारियों के हितों के घोषणा पत्र कर्मचारियों को पूछकर बनाया जाएगा और उनकी हर मांग को पूरा किया जाएगा।