Follow Us:

देवभूमि क्षत्रिय संगठन के नेताओं की रिहाई को लेकर मंडी में प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

बीरबल शर्मा |

देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि सवर्ण संगठन के पदाधिकारियों की रिहाई को लेकर दोनों संगठनों ने सोमवार को मंडी में प्रदर्शन कर उनकी रिहाई की मांग की। वहीं पर प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भेज कर संगठन के पदाधिकारियों की रिहाई की मांग की है। इससे पूर्व दोनों संगठनों द्वारा राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आईटीआई चौक से जिला उपायुक्त कार्यालय तक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान शिमला में गिरफ्तार किए गए क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि सवर्ण संगठन के पदाधिकारियों को जल्द रिहा करने के लिए एडीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया।

इस मौके पर नाचन मंडला अध्यक्ष सुरेश रावत ने कहा कि हाल ही में सवर्ण आयोग के गठन के लिए शिमला में देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि सवर्ण संगठन प्रदेश सरकार से मांग कर रहा था, इसी बीच शिमला पुलिस ने उन्हें षडयंत्र के तहत गिरफ्तार कर लिया है जो की अन्याय पूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण समाज को लोकतंत्र में अपनी मांगों को रखने का स्वतंत्र अधिकार है।

उन्होंने कहा कि स्वर्ण समाज राज्यपाल से आग्रह करता है कि इस मामले में हस्तक्षेप कर देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि सवर्ण संगठन के पदाधिकारियों को रिहा किया जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश सरकार और शिमला पुलिस देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि सवर्ण संगठन पदाधिकारियों को रिहा नहीं करती है तो स्वर्ण समाज के लोग घरों से निकलकर जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे।