Follow Us:

भ्रष्टाचार के खिलाफ CM योगी ने उठाया बड़ा कदम, शांता ने पत्र लिखकर दी बधाई

मृत्युंजय पुरी |

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने सभी अफसर, विधायकों और मंत्रियों से 3 महीने के भीतर अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक करने को कहा है। सीएम योगी के इस महत्वपूर्ण फैसले को लेकर हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम एवं बीजेपी के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने उन्हें बधाई दी है।

शांता ने कहा कि सीएम योगी के इस फैसले से सरकार चलाने वाले सभी अफसरों और नेताओं का असली चेहरा जनता के सामने आएगा। उन्होंने पत्र लिखकर सीएम योगी को इस बात की बधाई दी है कि उन्होंने देश के सबसे बड़े प्रदेश में अपराध को समाप्त करने के लिए महत्वपूर्ण काम किया है। अपराधियों की गैर कानूनी संपत्ति पर बुलडोजर का प्रयोग किया। उत्तर प्रदेश में सालों से अपराध करने वाले बड़े-बड़े बाहुबलियों को जेलों में डाल दिया। इस साल राम नवमी पर कई प्रदेशों में दंगे हुए लेकिन सबसे बड़े प्रदेश उत्तर प्रदेश में राम नवमीं का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से हुए।

शांता ने पत्र में लिखा कि आज भ्रष्टाचार इस देश का महारोग है। गरीबी और बेरोजगारी का सबसे बड़ा कारण भ्रष्टाचार है। बड़े-बड़े पदों पर बैठ हुए अधिकारी और नेताओं से ही भ्रष्टाचार शुरू होता है। योगी ने एक महत्वपूर्ण दिशा में पहल की है। इस काम को पूरा करने के लिए उन्हें अपना बुलडोजर और भी अधिक तेजी के साथ चलाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आजादी के 74 सालों में सभी सरकारें गरीबी दूर करने के लिए कुछ न कुछ करती रही। 2014 के बाद पिछले 8 सालों में पीएम मोदी की सरकार ने सभी कुछ किया। इससे अधिक और कुछ नहीं हो सकता था। इस सब के बाद भी ग्लोबल हंगर इंडैक्स की रिपोर्ट के अनुसार आज भी भारत दुनिया के सबसे अधिक गरीब देशों की सूची में है और 19 करोड़ लोग रात को लगभग भूखे पेट सोते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण भ्रष्टाचार और केवल भ्रष्टाचार है।

शांता ने कहा कि यदि देश में भ्रष्टाचार न होता तो आज करोड़ो लोग भूखमरी की हालत में न होते। इसलिए योगी आदित्य नाथ का यह कदम अति महत्वपूर्ण है।