Follow Us:

कंगना के विवादित बयान पर हिमाचल विधानसभा में खूब हंगामा

DESK |

हिमाचल विधानसभा में मंगलवार को सांसद कंगना रनोट के विवादित बयान को लेकर खूब हंगामा हुआ। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कंगना के खिलाफ FIR करने की मांग की है। ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप राठौर ने कंगना पर देशभर के किसानों के अपमान का आरोप लगाया। इसे लेकर सदन में हंगामा भी हुआ।

मानसून सत्र में संसदीय कार्य मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने कहा कि निंदा प्रस्ताव लाया। उन्होंने इस पर सदन में चर्चा और वोटिंग की मांग की। वोटिंग और चर्चा की मांग को स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने खारिज करते हुए कहा, भाजपा हाईकमान खुद कंगना के बयान से पल्ला झाड़ चुका है। इसलिए इस पर चर्चा की जरूरत नहीं है। सदन कंगना के बयान की निंदा करता है।

  • हमेशा कॉन्ट्रोवर्सी क्रिएट करती हैं कंगना: चौहान

इससे पहले हर्ष वर्धन चौहान ने कहा, कंगना हमेशा कॉन्ट्रोवर्सी क्रिएट करती हैं। कंगना ने कहा, सभी ने देखा है कि किसान आंदोलन में क्या हुआ। रेप हो रहे थे, प्रदर्शन के नाम पर हिंसा फैलाई गई। लोगों को मार कर लटकाया जा रहा था। उन्होंने इस बयान की निंदा की।

हर्ष वर्धन चौहान ने कहा, बीजेपी नेतृत्व ने स्पष्ट किया, कंगना इस तरह के बयान के लिए अधिकृत नहीं है। सांसद द्वारा देश के किसानों को हत्यारा-बलात्कारी बोलना दुखद है। उन्होंने कहा, कंगना कहती हैं कि अमेरिका और चीन देश में अस्थिरता फैला रहे। यानी केंद्र सरकार की विदेश नीति इतनी कमजोर हो गई कि चीन-अमेरिका यहां अस्थिरता फैला रहे हैं। हर्ष वर्धन चौहान ने सदन में निंदा प्रस्ताव पास करने का आग्रह किया।

  • हमेशा उट-पटांग बोलती हैं कंगना: राठौर

सदन में ठियोग से विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा, कंगना के बयान से किसान-बागवान आहत है। वैसे तो कंगना को हमेशा उट-पटांग बोलने की आदत हैं। वह पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के क्षेत्र से आती हैं। 700 किसान शहीद हुए। किसानों को बलात्कारी कहना सही नहीं है। जैसे ही राठौर ने बोलना शुरू किया, विपक्ष ने सदन में जोरदार हंगामा किया और नारेबाजी की।

इसके बाद स्पीकर ने सदन में आसन पर खड़े होकर कहा, कंगना के बयान से भाजपा हाईकमान भी पल्ला झाड़ चुका है। इसलिए इस पर वोट की जरूरत नहीं है।

जयराम बोले- पहले स्पष्ट किया जा चुका, यह पार्टी का मत नहीं

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा, जो सदस्य इस सदन में नहीं है। उस पर चर्चा करने की इस सदन की परंपरा नहीं है। पार्टी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि यह पार्टी का मत नहीं है। यह उनका निजी मत हो सकता है। जब पार्टी ने खंडन कर दिया है। ऐसे में सदन में लाने की क्या जरूरत है।

  • कंगना के बयान से बीजेपी हाईकमान पल्ला झाड़ चुका

बता दें कि कंगना ने किसानों को लेकर बीते सप्ताह विवादित बयान दिया था। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने एक मीडिया बयान जारी कर कंगना के बयान से पल्ला झाड़ दिया था।

कंगना के बयान का कई राज्यों में किसान विरोध कर रहे हैं। लिहाजा यह मामला आज हिमाचल विधानसभा में गूंजा।

  • विक्रमादित्य बोले- चीन-अमेरिका का हाथ होने की बात कहना दुर्भाग्यपूर्ण

PWD मंत्री विक्रमादित्य ने कहा, मंडी की सांसद द्वारा चीन और अमेरिका का हाथ होने की बात कहना दुर्भाग्यपूर्ण है। वह मजाक का केंद्र बनकर रह गया है। उन्होंने कहा, मिनिस्ट्री ऑफ एक्सटर्नल अफेयर्स को स्पष्ट करना चाहिए कि हमारे इंटरनल मैटर में चीन और अमेरिका हस्तक्षेप कर रहा है। क्या हमारी विदेश नीति इतनी कमजोर हो गई है कि आंतरिक मामलों में चीन-अमेरिका हस्तक्षेप कर रहा है। उन्होंने कंगना को सोच समझकर बयानबाजी करने की नसीहत दी।

  • राठौर बोले- साइकोलॉजिकल डिसॉर्डर की शिकार हैं कंगना

सदन के बाहर कुलदीप राठौर ने कहा, कंगना को किसानों से माफ़ी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, कंगना साइकोलॉजिकल डिसॉर्डर की शिकार है। किसानों को लेकर कंगना का बयान गैर जिम्मेदाराना और अन्नदाताओं का अपमान करने वाला है।

राठौर ने कहा, कंगना साइकोलॉजिकल डिसऑर्डर की शिकार है। पहले भी वह इस तरह का बयान देती रही हैं। पहले उनके बयानों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन अब वह सांसद है। उन्हें सोच समझकर बयान देने चाहिए।