➤ असम सरकार ने हिमाचल को 5 करोड़ की मदद दी
➤ सीएम सुक्खू से दिल्ली में मिले मंत्री प्रशांत फुकन
➤ कल केंद्रीय मंत्रियों और वित्त आयोग अध्यक्ष से मिलेंगे सुक्खू
हिमाचल प्रदेश की आपदा प्रभावित जनता की मदद के लिए असम सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को दिल्ली में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात के दौरान असम के बिजली, रोजगार और उद्यमिता मंत्री प्रशांत फुकन ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 5 करोड़ रुपये का चेक सौंपा। इस अवसर पर हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के सीनियर मैनेजर लीगल एंड कॉर्पोरेट अफेयर्स राहुल बग्गा ने भी राहत कोष के लिए 50 लाख रुपये का योगदान दिया।
गौरतलब है कि असम से पहले त्रिपुरा, हरियाणा और उत्तर प्रदेश भी हिमाचल प्रदेश को मुख्यमंत्री राहत कोष में 5-5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दे चुके हैं। भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे प्रदेश को यह सहयोग काफी राहत देगा।
सीएम सुक्खू मंगलवार शाम ही दिल्ली पहुंचे थे। आज उनका केंद्रीय मंत्रियों से मिलने का कार्यक्रम तय था, लेकिन मुलाकात संभव नहीं हो पाई। अब वे कल 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान सीएम सुक्खू हिमाचल की आर्थिक चुनौतियों को सामने रखते हुए आयोग से सहयोग की मांग करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15वें वित्त आयोग में हिमाचल की रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) में कटौती की गई थी, जिसके चलते प्रदेश को पिछले पांच वर्षों में वित्तीय संकट का सामना करना पड़ा। अब अप्रैल 2026 से लागू होने वाली 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों में हिमाचल को अधिक बजट की आवश्यकता है। सुक्खू पहाड़ी राज्यों की कठिनाइयों, महंगे इंफ्रास्ट्रक्चर और अधिक लागत को देखते हुए RDG में बढ़ोतरी की मांग करेंगे।
उधर, सीएम सुक्खू के दिल्ली दौरे से प्रदेश कांग्रेस संगठन में भी हलचल बढ़ गई है। माना जा रहा है कि वे पार्टी हाईकमान से मिलकर नया संगठन बनाने का आग्रह कर सकते हैं। वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस के पास पिछले 10 महीने 5 दिन से संगठन नहीं है, क्योंकि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी को भंग कर रखा है।



