Follow Us:

Video: दिल्ली में भाजपा का जलवा, आप का शीशमहल गिरा, कांग्रेस साफ

Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में 27 साल बाद भाजपा की वापसी हो रही है। चुनाव आयोग के अनुसार, भाजपा 5 सीटें जीत चुकी है और 43 सीटों पर आगे है, जिससे उसकी कुल सीटें 48 हो सकती हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) 6 सीटें जीत चुकी है और 16 पर आगे चल रही है, यानी कुल 22 सीटें मिलने की संभावना है। दूसरी ओर, कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई

इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव हार गए, जबकि मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट से पराजित हुए। वहीं, आतिशी ने कालकाजी सीट से जीत दर्ज की। दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन भी चुनाव हार गए। ग्रेटर कैलाश सीट से सौरभ भारद्वाज को भाजपा की शिखा रॉय ने 3,188 वोटों से हराया।

चुनाव परिणामों के बाद अरविंद केजरीवाल ने हार स्वीकार करते हुए कहा, “हमें हार स्वीकार है। भाजपा को जीत की बधाई देता हूं। जनता ने जिसे चुना है, उनसे उम्मीद करता हूं कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि, “हम कंस्ट्रक्टिव अपोजिशन की भूमिका निभाएंगे और जनता के हितों के लिए काम करेंगे।”

भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 7 बजे पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के भाइयों-बहनों को भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए धन्यवाद।”

गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस जीत को झूठ और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनादेश बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “दिल्ली की जनता ने झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के शीशमहल को नेस्तनाबूद कर दिल्ली को ‘आप-दा’ मुक्त करने का काम किया है।”

दिल्ली सरकार के मंत्री कौन जीते, कौन हारे?


चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, आम आदमी पार्टी के चार में से तीन मंत्री अपनी सीटें बचाने में कामयाब रहे।

  • गोपाल राय (पर्यावरण मंत्री): बाबरपुर सीट से भाजपा के अनिल कुमार को 18,000 वोटों से हराया।
  • इमरान हुसैन (फूड एंड सप्लाई मंत्री): बल्लीमारान सीट से भाजपा के कमल बागरी को 29,823 वोटों से हराया।
  • मुकेश अहलावत: सुल्तानपुर माजरा सीट से भाजपा के करम सिंह को 17,126 वोटों से हराया।
  • सौरभ भारद्वाज (स्वास्थ्य मंत्री): ग्रेटर कैलाश सीट से भाजपा की शिखा रॉय से 3,188 वोटों से हारे।

पीएम मोदी ने क्या कहा?


पीएम मोदी ने इस जीत को विकास और सुशासन की जीत बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा,
“दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। साथ ही हम यह सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो।”

दिल्ली की छह सीटों के परिणाम


अब तक चुनाव आयोग ने छह विधानसभा सीटों के परिणाम घोषित किए। इनमें भाजपा ने चार और आम आदमी पार्टी ने दो सीटें जीतीं

  • भाजपा विजेता:
    • रेखा गुप्ता (शालीमार बाग)
    • मनजिंदर सिंह सिरसा (राजौरी गार्डन)
    • चंदन कुमार चौधरी (संगम विहार)
    • तिलक राम गुप्ता (त्रिनगर)
  • आप विजेता:
    • वीरेंद्र सिंह कादियान (दिल्ली कैंट)
    • कुलदीप कुमार (कोंडली)