- भारतीय सेना के जांबाज जवान विवेक शर्मा का बीमारी से निधन, गांव में शोक की लहर
- घर का इकलौता बेटा खोने से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पत्नी और दो बच्चों को बेसहारा छोड़ा
- गांव, ग्राम पंचायत और विधायक ने जताया शोक, परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना
Indian Army Soldier Death: कांगड़ा जिले के उपमंडल ज्वालामुखी के ग्राम पंचायत गाहलियां के घराटी गांव से एक दुखद समाचार सामने आया है। भारतीय सेना की 10 डोगरा रेजिमेंट में कार्यरत 42 वर्षीय जवान विवेक शर्मा का बीमारी के कारण निधन हो गया। उनके असमय निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
विवेक शर्मा परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने पीछे पत्नी, 15 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। उनकी दो बहनों का इकलौता भाई अब इस दुनिया में नहीं रहा।
सिर्फ साढ़े 17 साल की उम्र में भारतीय सेना की वर्दी पहनने वाले विवेक ने देश की सेवा का संकल्प लिया था। उनका परिवार सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है, जहां कई सदस्य सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं या वर्तमान में कार्यरत हैं।
गांव में उनकी मृत्यु की खबर से मातम पसर गया है। हर कोई इस वीर सैनिक की असमय मृत्यु पर दुख व्यक्त कर रहा है और उनके परिवार को शक्ति देने की प्रार्थना कर रहा है। ग्राम पंचायत गाहलियां के उप प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि कल ही उन्हें विवेक शर्मा के निधन की सूचना मिली, जो पूरे गांव के लिए गहरे दुख का विषय है।
वहीं, ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत जवान के परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।