Follow Us:

शिमला में पेयजल संकट पर कांग्रेस ने सरकार को दिया 30 मई तक का अल्टीमेटम

समाचार फर्स्ट |

शहर में पेयजल संकट पर कांग्रेस ने सरकार और नगर निगम को 30 मई तक का अल्टीमेटम दे दिया है। कांग्रेस ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि शहर में पेयजल व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो चक्का जाम कर दिया जाएगा। पानी के लिए मचे हाहाकार के लिए बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह और अनिरुद्घ सिंह ने कहा कि पिछली सरकार में भी गर्मियों के दौरान इतना ही पानी आता था, लेकिन इसका वितरण सही था। वर्तमान सरकार चहेतों को जमकर पानी दे रही है जबकि आम जनता बूंद बूंद को तरस रही है।

शहर में 24 घंटे पानी देने का वादा किया था

विक्रमादित्य ने कहा कि शहर बीजेपी ने नगर निगम चुनावों और विधानसभा चुनावों के समय शहर में 24 घंटे पानी देने का वादा किया था लेकिन अब  10 दिन बाद लोगों को पानी दिया जा रहा है। शहर में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। शिमला में इस स्थिति से मेयर बिलकुल बेखबर हैं और वह चीन के दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि मेयर को ऐसी स्तिथि में अपना दौरा रद्द करना चाहिए था और शहर की जनता को पानी मुहैया करवाना चाहिए था।

(आगे की ख़बर स्क्रॉल कर देखें)

निगम फेल हो चुका है। सरकार को मेयर और डिप्टी मेयर को तुरंत हटाना होगा। अनिरुद्घ सिंह ने कहा कि इस बार 30 मई को होने वाली निगम की मासिक बैठक में भी हिस्सा लेंगे। यहां बीजेपी शासित निगम से पेयजल संकट पर जवाब मांगा जाएगा।

स्थानीय विधायक की चुपी पर उठाया सवाल

विधायक अनिरूद्घ सिंह ने स्थानीय विधायक और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे मामलों पर मंत्री बड़े बयान देते हैं। पानी जैसे मुद्दे पर मौन बैठ गए हैं। सीवेज की सप्लाई देने के मामले जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की जाए।