विक्रमादित्य सिंह बोले – सरकार से नहीं लेंगे फंड, फाउंडेशन उठाएगा पूरा खर्च
Virbhadra Singh Statue Shimla: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा लगाई जाएगी। यह प्रतिमा हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा के समीप दौलत सिंह पार्क में स्थापित की जाएगी। यह जानकारी वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं राज्य के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मीडिया से बातचीत में दी।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा का अनावरण 23 जून को वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर किया जाएगा। इस प्रतिमा को बनाने और स्थापित करने का संपूर्ण खर्च वीरभद्र सिंह फाउंडेशन वहन करेगा। सरकार से कोई वित्तीय सहायता नहीं ली जाएगी।
दलगत राजनीति से ऊपर उठेगा फाउंडेशन
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के नाम से एक ट्रस्ट रजिस्टर किया गया है। इस ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वयं विक्रमादित्य सिंह होंगे। अभी चार सदस्यों के साथ कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है, लेकिन भविष्य में विभिन्न वर्गों और राजनीतिक दलों के लोगों को इसमें जोड़ा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फाउंडेशन दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सेवा कार्य करेगा, जैसा कि वीरभद्र सिंह का जीवन दर्शन रहा है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर रहेगा फोकस
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह फाउंडेशन विशेष रूप से हिमाचल के दुर्गम क्षेत्रों में लोगों की सेवा के लिए कार्य करेगा। इसमें स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को भी फाउंडेशन से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री सुक्खू का जताया आभार
PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि सीएम ने उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग वीरभद्र सिंह से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं और हर कोई इस कार्य में सहयोग देने को तैयार है।
मंत्री पद से इस्तीफे की थी पेशकश
उल्लेखनीय है कि पिछले साल फरवरी माह में राज्यसभा चुनाव प्रकरण के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने वीरभद्र सिंह की प्रतिमा नहीं लगाने से नाराज होकर मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। हालांकि पार्टी हाईकमान के हस्तक्षेप के बाद उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया और मामला सुलझ गया।



