➤ BJP अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की नई टीम में 10 जिलों के 35 पदाधिकारी शामिल
➤ कुल्लू, लाहौल-स्पीति और मुस्लिम समुदाय से किसी को जगह नहीं मिली
➤ महिला महासचिव और सिख नेता को मिली अहम जिम्मेदारी, शिमला जिला का दबदबा
हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपनी नई टीम में 10 जिलों के 35 पदाधिकारी शामिल किए हैं। लेकिन इस सूची से कुल्लू और लाहौल-स्पीति जैसे जिलों को पूरी तरह नज़रअंदाज़ किया गया है। इतना ही नहीं, मुस्लिम समुदाय से भी किसी नेता को इस कार्यकारिणी में जगह नहीं दी गई, जबकि पहले की कार्यकारिणी में बिलाल शाह और राजबलि जैसे नाम मौजूद थे। वहीं त्रिलोक कपूर, डा राजीव सहजल और गोविंद ठाकुर को भी बाहर रखा गया है।
नई कार्यकारिणी से कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए कई बड़े नेता भी गायब हैं। इनमें धर्मशाला से सुधीर शर्मा, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर से आशीष शर्मा, सुजानपुर से राजेंद्र राणा, नालागढ़ से केएल ठाकुर, लाहौल-स्पीति से रवि ठाकुर, देहरा से होशियार सिंह, कुटलैहड़ से देवेंद्र कुमार भुट्टो और गगरेट से चैतन्य शर्मा जैसे नाम शामिल हैं। ये सभी फरवरी 2024 तक कांग्रेस सरकार का हिस्सा थे।
इस नई टीम में शिमला जिला का दबदबा साफ दिखाई दे रहा है। अकेले शिमला से 9 पदाधिकारी शामिल हैं, जबकि मंडी से 8, कांगड़ा से 4, हमीरपुर और ऊना से 3-3, चंबा से 2, सोलन से 2, बिलासपुर, सिरमौर और किन्नौर से एक-एक पदाधिकारी बनाए गए हैं।
सबसे खास बात यह रही कि बिंदल की नई टीम में पहली बार महिला महासचिव नियुक्त की गई हैं। पायल वैद्य को महासचिव की जिम्मेदारी देकर बीजेपी ने संगठन में महिला नेतृत्व को महत्व दिया है। इसके अलावा, सरदार गुरमीत सिंह को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पहली बार किसी सिख नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सोलन जिला को भी विशेष महत्व दिया गया है। यहां से दो मोर्चा अध्यक्ष बनाए गए हैं। महिला मोर्चा की अध्यक्ष डेजी ठाकुर और भारतीय जनता युवा मोर्चा की कमान सन्नी शुक्ला को दी गई है।
कार्यकारिणी में 3 महामंत्री, 8 उपाध्यक्ष और 8 सचिव नियुक्त किए गए हैं। महामंत्रियों में राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल और पायल वैद्य शामिल हैं। उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी बिहारी लाल शर्मा, रश्मि धर सूद, डॉ. राजीव भारद्वाज, विपिन सिंह परमार, पवन काजल, विनोद कुमार, राजेश ठाकुर और बलबीर वर्मा को दी गई है।
सचिव पद पर भी महिलाओं को तरजीह दी गई है। वंदना योगी, प्रियंका वर्मा और कुसुम सदरेट को सचिव बनाया गया है। इनके साथ सुमित शर्मा, संजय ठाकुर, तिलक राज शर्मा, अमित ठाकुर और शिशु धर्मा को भी सचिव की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा, कमलजीत सूद को कोषाध्यक्ष, प्रमोद ठाकुर को कार्यालय सचिव, रणधीर शर्मा को मीडिया प्रभारी, राकेश जम्वाल को मुख्य प्रवक्ता और करण नंदा को मीडिया संयोजक बनाया गया है।
इस नई टीम में जहां नए चेहरों को मौका दिया गया है, वहीं कई पुराने और चर्चित नेताओं को बाहर रखकर संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है।



