➤ हिमाचल कांग्रेस सरकार ने जयराम सरकार का हायर ग्रेड पे नोटिफिकेशन वापस लिया
➤ फैसले से 10 हजार से ज्यादा कर्मचारी प्रभावित, हर महीने 10-20 हजार तक का नुकसान
➤ कर्मचारी संगठन और संघों ने मुख्यमंत्री से मिलने का ऐलान, विरोध तेज
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने पूर्व जयराम ठाकुर सरकार के समय कर्मचारियों को दिए गए हायर ग्रेड पे के फैसले को पलट दिया है। शनिवार को जारी अधिसूचना के तहत वित्त विभाग ने 06 सितंबर 2022 को जारी उस नोटिफिकेशन को वापस ले लिया, जिसमें 03 जनवरी 2022 से पहले नियुक्त 89 श्रेणियों के कर्मचारियों को दो साल का नियमित कार्यकाल पूरा करने पर उच्च वेतनमान दिया गया था।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 10 हजार से अधिक कर्मचारी प्रभावित होंगे। कर्मचारियों का कहना है कि इस निर्णय से उनके वेतन में 10 हजार से 15 हजार रुपए तक की मासिक कमी आ जाएगी। हालांकि, कर्मचारियों को एक राहत यह मिली है कि इस अवधि में जो वेतन दिया गया है उसकी रिकवरी नहीं की जाएगी।
सरकार की अधिसूचना के बाद कर्मचारी संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। हिमाचल सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना से मुलाकात कर इस निर्णय का विरोध किया जाएगा।
इसी तरह पटवारी व कानूनगो संघ के अध्यक्ष सतीश चौधरी ने भी इस अधिसूचना को कर्मचारियों के खिलाफ बताया और कहा कि इससे कर्मचारियों को हर महीने 10 से 15 हजार तक का नुकसान होगा। संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नोटिफिकेशन वापस लेने की मांग की है।
वहीं NPS कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों को 10 से 20 हजार रुपए तक का नुकसान होगा। उन्होंने साफ कहा कि सोमवार को वे मुख्यमंत्री से मिलकर इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे और नोटिफिकेशन को रद्द करने की मांग करेंगे।
इस पूरे मामले पर भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने भी सरकार पर तंज कसा, और कहा कि कांग्रेस सरकार कर्मचारियों के हक छीन रही है। अब देखना होगा कि सोमवार को होने वाली कर्मचारियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात में इस मसले का क्या हल निकलता है।



