➤ हायर ग्रेड पे नोटिफिकेशन पर विवाद के बीच सरकार का बड़ा फैसला
➤ मुख्यमंत्री सुक्खू बोले कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान नहीं होगा
➤ भविष्य में अतिरिक्त इंक्रीमेंट बंद, पहले दिए गए इंक्रीमेंट भी वापस
पराक्रम चंद
शिमला। हिमाचल प्रदेश में हायर ग्रेड पे नोटिफिकेशन को लेकर जारी विवाद के बीच सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऐलान किया है कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में नोटिफिकेशन में बदलाव किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी भी कर्मचारी को आर्थिक नुकसान पहुँचाना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को भविष्य में कोई अतिरिक्त इंक्रीमेंट नहीं दिया जाएगा। वहीं, जो इंक्रीमेंट पहले दिए जा चुके हैं, उन्हें भी वापस लिया जाएगा।
यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब भाजपा और कर्मचारी संगठन सरकार पर लगातार दबाव बना रहे थे। भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने कुछ दिन पहले सरकार पर आरोप लगाया था कि नई नोटिफिकेशन से कर्मचारियों की सैलरी आधी रह जाएगी और इससे प्रदेश में कामकाज प्रभावित होगा।
अब मुख्यमंत्री सुक्खू के बयान से साफ है कि सरकार ने इस मामले में नोटिफिकेशन को विथड्रॉ करने का मन बना लिया है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि कर्मचारियों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। हालांकि, सरकार के इस निर्णय से कर्मचारियों में यह चिंता भी बनी हुई है कि पहले से मिले इंक्रीमेंट की वापसी उन्हें कैसे प्रभावित करेगी।
राजनीतिक तौर पर यह मामला गरम हो गया है। जहां भाजपा सरकार को कर्मचारी विरोधी करार दे रही थी, वहीं अब सरकार ने कर्मचारियों को आश्वस्त करने के लिए कदम उठाए हैं। इस निर्णय का असर न सिर्फ कर्मचारियों के मनोबल पर पड़ेगा बल्कि आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति पर भी इसके बड़े असर देखे जा सकते हैं।



