Follow Us:

17 फरवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय, ऊंचे पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना

मंडी और बिलासपुर में कोहरे का यलो अलर्ट, सुबह 10 बजे तक विजिबिलिटी 100 मीटर से कम रहने की आशंका
प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री ज्यादा, मंडी में 6.8 डिग्री का उछाल



हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में सोमवार को घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से मंडी और बिलासपुर जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इन जिलों में कुछ स्थानों पर सुबह 10 बजे तक विजिबिलिटी 100 मीटर से नीचे गिर सकती है। इसे देखते हुए वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

सबसे अधिक कोहरे का पूर्वानुमान बिलासपुर शहर, भाखड़ा बांध क्षेत्र, मंडी की बल्ह घाटी और सुंदरनगर में जताया गया है। इन इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। हालांकि प्रदेश के अन्य भागों में सुबह से ही मौसम साफ बना हुआ है और धूप खिली हुई है।

बीते 24 घंटों के दौरान भी अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, जिसके चलते दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक हो गया है।

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो मंडी में सामान्य से सबसे अधिक 6.8 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है और यहां का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। शिमला का पारा सामान्य से 5.8 डिग्री ज्यादा के साथ 18.5 डिग्री, भुंतर में 6.6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 24.5 डिग्री, कल्पा में 6.4 डिग्री अधिक के साथ 13 डिग्री और मनाली में 5.8 डिग्री ज्यादा के साथ 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आज, कल और परसों तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। हालांकि 17 फरवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

इस दौरान लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं। इसके चलते तापमान में एक बार फिर हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 19 फरवरी से पूरे प्रदेश में दोबारा मौसम साफ हो जाएगा।