Follow Us:

दिव्यांग सुरेश को घर पहुंचाने में मददगार पुलिस, शिमला से 135 km नाहन पैदल पहुंचे

मनोज धीमान |

प्रदेश भर में कर्फ्यू के बीच पुलिस का मानवीय चेहरा भी सामने आया है। एक दिव्यांग श्रमिक की सहायता के लिए पुलिस ने मदद को हाथ बढ़ाए है और अब इस दिव्यांग को उसके घर तक सही सलामत पहुंचाने में पुलिस जुटी हुई है। दरअसल बुधवार सुबह 4 बजे एक टांग से दिव्यांग सुरेश कुमार शिमला से सिरमौर जिला के सतौन में अपने घर जाने के लिए निकल पड़ा। चूंकि कर्फ्यू लगा हुआ था और वाहनों पर पूर्णतः प्रतिबंध है। लिहाजा वह शिमला से पैदल ही निकल पड़ा।

इस बीच पुलिस ने भी उसकी जगह-जगह मदद की। जहां सुरेश कुमार बीच-बीच में पैदल चलता रहा, वहीं पुलिस ने भी आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों के माध्यम से उसे किसी तरह नाहन पहुंचाने में मदद की। अहम बात यह रही है कि इस दौरान जहां सुरेश कुमार खुद पूरी तरह से सतर्कता बरतता रहा। इस सफर में पुलिस भी उसकी मददगार बनती रही। गुरूवार दोपहर को जब सुरेश नाहन पहुंचा, तो यहां भी यातायात पुलिस ने उसकी सहायता की। जहां उसे फल, बिस्किट और मास्क उपलब्ध करवाए गए।

वहीं उसे सतौन में स्थित उसके घर तक पहुंचाने के भी प्रयास किए गए। याद रहे कि शिमला से नाहन तक की दूसरी 135 किलोमीटर है। दिव्यांग सुरेश कुमार ने बताया कि वह शिमला में काम करता है और कर्फ्यू के चलते वह पैदल ही अपने घर के लिए निकल पड़ा। बीच-बीच में पुलिस ने भी उसकी मदद की। नाहन पहुंचने पर भी पुलिस उसे घर तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है।