➤ चार दिन बाद खिली धूप से हिमाचल में मिली ठंड से राहत
➤ लाहौल-स्पीति में बर्फबारी के बाद बिजली आपूर्ति बाधित, ड्रोन से खोजा जा रहा फाल्ट
➤ 15 अक्तूबर तक रहेगा मौसम साफ, तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार
हिमाचल प्रदेश में लगातार चार दिन की बारिश और बर्फबारी के बाद गुरुवार को मौसम में सुधार आया है। राजधानी शिमला में सुबह खिली धूप ने लोगों को ठंड से कुछ राहत दी, हालांकि दोपहर बाद हल्की बारिश ने एक बार फिर ठंड का एहसास बढ़ा दिया। लाहौल-स्पीति, कुल्लू, किन्नौर और चंबा जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर अभी भी जमी हुई है।
लाहौल-स्पीति जिले में बिजली आपूर्ति बर्फबारी के चलते अभी तक बाधित है। बिजली बोर्ड ने बताया कि कई जगह तार टूटने और खंभे क्षतिग्रस्त होने के कारण फॉल्ट लोकेट करने में दिक्कत आ रही है। अब बोर्ड ने ड्रोन तकनीक की मदद से उन स्थानों की पहचान शुरू कर दी है, जहां तार बर्फ के नीचे दबे हुए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 9 और 10 अक्तूबर को राज्य के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 11 से 15 अक्तूबर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है।
बीते 24 घंटों के दौरान सराहन में 25.5 मिमी, सांगला में 12.8 मिमी, मनाली में 11.0 मिमी, गोहर में 10.0 मिमी, कल्पा में 7.6 मिमी, रोहड़ू में 7.0 मिमी, भरमौर में 6.5 मिमी, रिकांगपिओ में 6.0 मिमी और भुंतर में 5.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
न्यूनतम तापमान के आंकड़ों की बात करें तो शिमला में 9.8 डिग्री, सोलन में 10.4, मनाली में 7.7, कल्पा में 5.0, केलांग में -1.0, कुकुमसेरी में -0.9 और नारकंडा में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और नाहन जैसे निचले क्षेत्रों में तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल राज्य में मौसमी तंत्र शांत हो गया है, जिससे अगले कुछ दिनों तक खुला और सुहावना मौसम बना रहेगा। इससे टूरिज्म सेक्टर को भी राहत मिलेगी क्योंकि पिछले सप्ताह भारी बर्फबारी और बारिश के कारण मनाली, रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा जैसे इलाकों में पर्यटकों की आवाजाही पर असर पड़ा था।



