Follow Us:

HPTDC कर्मचारियों की CM से भेंट, ONM मॉडल पर मिला पुनर्विचार का आश्वासन


ONM मॉडल पर CM से मिला पुनर्विचार का भरोसा
होटल निजीकरण के विरोध में सौंपा गया ज्ञापन
आगामी गुरुवार को फिर होगी संघ की बैठक मुख्यमंत्री से



हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल बीते दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिमला में भेंट करने पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेशभर से आए 50 से 60 कर्मचारी शामिल थे। बातचीत का मुख्य विषय निगम की होटलों को Operate, Maintain & Manage (ONM) मॉडल के तहत निजी हाथों में सौंपने और निगम मुख्यालय के स्थानांतरण से जुड़ा रहा।

संघ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए अपील की कि लाभदायक होटलों और संपत्तियों को निजी क्षेत्र को न सौंपा जाए, क्योंकि इससे सैकड़ों नियमित, अनुबंध व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के रोजगार और भविष्य पर संकट खड़ा हो सकता है। इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जिन संपत्तियों को कर्मचारी संघ महत्वपूर्ण मानता है, उन पर पुनर्विचार किया जाएगा

मुख्यमंत्री ने संघ को आगामी गुरुवार को विस्तृत चर्चा के लिए मिलने का समय भी प्रदान किया है, जिससे दोनों पक्षों के बीच ठोस संवाद हो सके।

इससे पहले, पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री आर.एस. बाली ने भी एक प्रेस वार्ता में साफ किया था कि सरकार का उद्देश्य निगम को मज़बूत करना है, न कि उसका निजीकरण। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारी हित सर्वोपरि हैं और सरकार कर्मचारियों के भविष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

संघ के अध्यक्ष हुक्म राम व महासचिव राज कुमार शर्मा ने कर्मचारियों से एकजुट रहने की अपील की और कहा कि संघ शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से कर्मचारी हित व निगम हित के लिए संघर्ष करता रहेगा।